मां शाकम्भरी देवी मेले की तैयारियों का एसएसपी ने लिया जायजा
सहारनपुर। थाना मिर्जापुर क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध मां शाकम्भरी देवी मंदिर में प्रस्तावित मेले को लेकर पुलिस-प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनंदन ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मेला क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।
एसएसपी अभिनंदन ने पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मयंक पाठक, पुलिस अधीक्षक यातायात शैलेंद्र श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारियों और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर परिसर एवं आसपास के मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन के मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया।
एसएसपी ने अधिकारियों से मेले के दौरान की जाने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। भीड़ बढ़ने की स्थिति में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पहले से प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए।
उन्होंने मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, प्रवेश और निकास व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने तथा प्रमुख स्थानों पर पुलिसकर्मियों की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने को भी कहा गया।
यातायात और पार्किंग व्यवस्था पर विशेष जोर
यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मेले के दौरान वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए प्रभावी यातायात योजना लागू की जाए। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों का बेहतर प्रबंधन करने और मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने पार्किंग और यातायात व्यवस्था के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। इसके अलावा मेला क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने कहा कि पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं के साथ सहयोगात्मक व्यवहार रखें और उनकी समस्याओं का तत्काल समाधान करें। मेला क्षेत्र में लगातार पुलिस भ्रमण और निगरानी की व्यवस्था बनाए रखने को भी कहा गया।
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए मेले से पहले सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए। पुलिस-प्रशासन की ओर से मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
