महावीर कॉलोनी में 45 लाख की चोरी का खुलासा, दो शातिर नकबजन गिरफ्तार

महावीर कॉलोनी में 45 लाख की चोरी का खुलासा, दो शातिर नकबजन गिरफ्तार
महावीर कॉलोनी में चोरी की घटना का खुलासा करते एसएसपी अभिनंदन सिंह और बरामद सोने-चांदी के आभूषण।

सहारनपुर। थाना मंडी क्षेत्र की महावीर कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषणों समेत शत-प्रतिशत सामान बरामद करने का दावा किया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 40 से 45 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और प्लास भी बरामद किया है।

पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि 17 नवंबर को महावीर कॉलोनी निवासी संजीव जैन ने थाना मंडी में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से पुत्रवधू के सोने के कड़े, गले का सेट, अंगूठियां, लॉकेट, चेन, पायल, सोने-चांदी के सिक्के, चांदी के पूजा कलश और नकदी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

एसएसपी ने बताया कि चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मंडी पुलिस ने एसओजी, स्वॉट और सर्विलांस सेल के साथ संयुक्त कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने 19 नवंबर को बाबा लालादास रोड स्थित कब्रिस्तान के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान चोना उर्फ मुजम्मिल निवासी मदीना कॉलोनी, मुजफ्फरनगर, हाल निवासी पयरो वाला मोहल्ला थाना मंडी और सलीम निवासी मिलापनगर, रुड़की, हाल निवासी कठहल कॉलोनी, खाताखेड़ी थाना मंडी के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से सोने के कड़े, टॉप्स, लॉकेट, चांदी के 19 सिक्के, पायल, बिछुए, चांदी के कलश, गिलास, तीन हाथ की घड़ियां, पानी की टंकी की 12 टोंटियां और धातु का डिनर सेट बरामद किया गया है। इसके अलावा एक हुडी, तीन बैग, वारदात में इस्तेमाल प्लास और सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है।

एसएसपी के अनुसार, गिरफ्तार चोना उर्फ मुजम्मिल मुजफ्फरनगर के थाना सिविल लाइंस का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी सलीम के खिलाफ भी थाना कुतुबशेर में चोरी का मुकदमा दर्ज है।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में बीएनएस की धारा 331(4), 317(2) और 3(5) की बढ़ोतरी की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply