मतदाता सूची में दूसरे क्षेत्रों के वोट जोड़ने की साजिश का आरोप, एडीएम को सौंपा ज्ञापन

मतदाता सूची में दूसरे क्षेत्रों के वोट जोड़ने की साजिश का आरोप, एडीएम को सौंपा ज्ञापन
मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी की शिकायत को लेकर एडीएम लवी त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपते अभिषेक टिंकू अरोड़ा और फैसल सलमानी।

सहारनपुर। सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में रामपुर मनिहारान और सहारनपुर देहात विधानसभा क्षेत्रों के मतदाताओं को शामिल कराने की कथित साजिश का मामला सामने आया है। इस संबंध में पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने सत्ता पक्ष के दो जनप्रतिनिधियों पर निर्वाचन प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में अपर जिलाधिकारी प्रशासन लवी त्रिपाठी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की।

पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा मंगलवार को सपा कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी के साथ जिला मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने ज्ञापन में आरोप लगाया कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाले कुछ वार्डों में सहारनपुर देहात और रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्रों की कॉलोनियां भी शामिल हैं। इन क्षेत्रों के मतदाताओं को सहारनपुर नगर विधानसभा क्षेत्र संख्या-03 की मतदाता सूची में शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने दावा किया कि रविवार को निर्वाचन कार्यालय बंद होने के बावजूद दो अधिकारियों की मौजूदगी में सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि काफी देर तक कार्यालय में मौजूद रहे। हालांकि, उन्होंने कहा कि उस दौरान कार्यालय में किस उद्देश्य से काम किया गया, इसकी जानकारी नहीं है।

टिंकू अरोड़ा ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों, बीएलओ और कर्मचारियों से अपील की कि वे किसी भी राजनीतिक दबाव में आकर मतदाता सूची में बदलाव न करें। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में भी इन जनप्रतिनिधियों की शिकायत पर सहारनपुर के सही मतदान केंद्रों को दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित कराया गया था, जिससे मतदाताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी ने राजनीतिक दबाव में मतदाता सूची को प्रभावित करने का प्रयास किया तो इसकी शिकायत मुख्य चुनाव आयुक्त और भारत निर्वाचन आयोग से की जाएगी। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से पूरी प्रक्रिया निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराने की मांग की।

Leave a Reply