नानौता पुलिस ने महिला तस्कर समेत चार को दबोचा, 1.31 करोड़ की स्मैक बरामद

नानौता पुलिस ने महिला तस्कर समेत चार को दबोचा, 1.31 करोड़ की स्मैक बरामद
नानौता पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए महिला तस्कर समेत चार आरोपी और बरामद स्मैक।

सहारनपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन सवेरा के तहत नानौता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला तस्कर समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 655 ग्राम अवैध स्मैक और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 31 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस लाइन सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसएसपी अभिनंदन सिंह ने बताया कि सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर ऑपरेशन सवेरा चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एसएसपी के निर्देशन, एसपी देहात और सीओ गंगोह के पर्यवेक्षण तथा नानौता थाना प्रभारी विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 18 नवंबर को रुहाड़ा पुलिया, कस्बा नानौता से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नानू उर्फ शकील निवासी हरपाल, रामपुर मनिहारान, सय्यद शेखावत निवासी कुम्हारहेड़ा, सरसावा, मोनू उर्फ फरमान और उसकी पत्नी शबनम उर्फ शगुफ्ता निवासी शेखपुरा कदीम, कोतवाली देहात के रूप में हुई है।

एसएसपी के अनुसार, तलाशी के दौरान नानू उर्फ शकील के कब्जे से 60 ग्राम, सय्यद शेखावत से 260 ग्राम, मोनू उर्फ फरमान से 270 ग्राम और शबनम उर्फ शगुफ्ता से 65 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी मिले हैं।

पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ थाना नानौता में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/22/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, नानू उर्फ शकील और मोनू उर्फ फरमान के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply