डीएम ने ऑनलाइन स्वगणना कर अभियान की शुरुआत की, लोगों से भागीदारी की अपील
सहारनपुर। जनगणना-2027 के तहत संचालित स्वगणना अभियान की शुरुआत जिलाधिकारी अरविन्द कुमार चौहान ने ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से 16 से 30 नवंबर तक चलने वाली स्वगणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। जनपदवासी सरकार द्वारा निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना की प्रक्रिया को सरल और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने विशेष रूप से युवाओं से अपील की कि वे अपने माता-पिता, परिवार के बुजुर्गों और आसपास रहने वाले पड़ोसियों को ऑनलाइन स्वगणना करने में सहयोग दें, ताकि अधिक से अधिक परिवारों की जानकारी दर्ज हो सके।
डीएम ने बताया कि ऑनलाइन स्वगणना पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्ति को एक स्वगणना आईडी प्राप्त होगी। इस आईडी को सुरक्षित रखना जरूरी है, क्योंकि घर-घर जनगणना के लिए पहुंचने वाले कर्मचारियों को यह आईडी उपलब्ध करानी होगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी लवी त्रिपाठी ने भी ऑनलाइन स्वगणना की। उन्होंने बताया कि स्वगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए जनपदवासी जनगणना हेल्पलाइन नंबर 1855 अथवा जिला स्तरीय हेल्पलाइन नंबर 05921-297112 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना-2027 के इस महत्वपूर्ण अभियान में अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।
