कांग्रेसजनों ने मनाई इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती, प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया नमन
सहारनपुर। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी की ओर से कांग्रेस महानगर कार्यालय पर देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर नमन किया और देश के लिए उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने की। दोनों नेताओं ने अपने संबोधन में इंदिरा गांधी को लौह महिला बताते हुए उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और ऐतिहासिक फैसलों पर प्रकाश डाला।
जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने वर्ष 1971 में अमेरिका सहित अन्य पश्चिमी देशों के दबाव को दरकिनार करते हुए पाकिस्तान के दो टुकड़े कर बांग्लादेश के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका यह ऐतिहासिक निर्णय विश्व के राजनीतिक भूगोल को बदलने वाला साबित हुआ।
महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने कहा कि इंदिरा गांधी दृढ़ निश्चयी, प्रखर प्रशासक और कुशल कूटनीतिज्ञ थीं। उनकी राजनीतिक क्षमता और नेतृत्व का लोहा न केवल देश, बल्कि विदेशी ताकतों ने भी माना था।
कार्यक्रम का संचालन कांग्रेस सेवादल के जिलाध्यक्ष इमरान कुरैशी ने किया। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता शौकत हुसैन, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, अक्षय चौधरी, मयंक शर्मा, सागर राणा, रवि राणा खुडाना, आरिफ खान, बरकत अली, नसीब खान और साफीन गौर सहित अनेक कांग्रेसजन मौजूद रहे।
