भगत सिंह की शहादत से प्रेरणा लें युवा, किताबों को बनाएं अपना मित्र
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अमर शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर प्रदेशवासियों के नाम ‘योगी की पाती’ लिखी। इसमें उन्होंने भगत सिंह के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से उनके जीवन, साहस और राष्ट्रनिष्ठा से प्रेरणा लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने युवाओं को ज्ञान से जोड़ने और पुस्तकों को अपना मित्र बनाने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महज 23 वर्ष की उम्र में भगत सिंह ने मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनकी जयंती राष्ट्रधर्म को सर्वोपरि रखते हुए अपने संकल्प को नई ऊर्जा देने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने देश को परतंत्रता की बेड़ियों से मुक्त कराने के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया।
जाति-पाति और नशे जैसी बुराइयों से मुक्ति का संदेश
‘योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज समाज को जाति-पाति, नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से मुक्त कराने के लिए भगत सिंह के अदम्य साहस और राष्ट्रनिष्ठा से सीख लेने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक बदलाव में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
भगत सिंह के अध्ययनशील जीवन से प्रेरणा लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने भगत सिंह के अध्ययनशील जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि वे हिंदी, उर्दू, पंजाबी और अंग्रेजी समेत कई भाषाओं के ज्ञाता थे। उनके जीवन से युवाओं को ज्ञान को अपनी शक्ति बनाने, सीखने की ललक बनाए रखने और अपने संकल्प को कर्म से जोड़ने की प्रेरणा मिलती है।
युवाओं के लिए सरकारी योजनाओं का किया जिक्र
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब ज्ञान कौशल से जुड़ता है तो युवा अपनी प्रतिभा को सामर्थ्य में बदलकर अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं के लिए संचालित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान और स्टार्टअप नीति का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अभ्युदय योजना के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर दिया जा रहा है, जबकि युवा उद्यमी विकास अभियान के जरिए युवाओं को उद्यम स्थापित करने और रोजगार पैदा करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं स्टार्टअप नीति के माध्यम से नवाचार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
हर जिले में आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी
‘योगी की पाती’ में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के हर जनपद में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर आधुनिक पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी विकसित की जा रही हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को ज्ञान और अध्ययन के बेहतर संसाधन उपलब्ध कराना है।
‘किताबों को बनाएं अपना मित्र’
मुख्यमंत्री योगी ने युवाओं से पुस्तकों को अपना मित्र बनाने और लगातार नए विचारों को जानने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को सवाल पूछने और अपनी जिज्ञासा को जीवित रखने की आदत विकसित करनी चाहिए। एक पुस्तक किसी युवा के जीवन में नया विचार पैदा कर सकती है और वही नया विचार पूरे समाज को नई दिशा देने में योगदान कर सकता है।
