11वें दिन भी जारी रहा सफाई कर्मचारियों का धरना
मांगें पूरी नहीं होने पर सफाई व्यवस्था ठप करने की चेतावनी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश सफाई मजदूर संघ के बैनर तले नगर निगम परिसर में सफाई कर्मचारियों का धरना शुक्रवार को 11वें दिन भी जारी रहा। कर्मचारियों ने महापौर और नगर निगम अधिकारियों से मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
मंडल महामंत्री बृजमोहन चिनालिया ने आरोप लगाया कि निजी कंपनी के माध्यम से गोल ठेका व्यवस्था लागू होने के बाद सफाई कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है। कर्मचारियों से सुबह छह बजे से दोपहर तीन-चार बजे तक काम लिया जा रहा है। बायोमेट्रिक हाजिरी के कारण महिला कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नियुक्ति के नाम पर एक से डेढ़ लाख रुपये तक वसूले जाने के आरोप भी लगाए। उनकी मांग है कि कर्मचारियों की नियुक्ति मुख्यमंत्री द्वारा घोषित आउटसोर्सिंग सेवा निगम के माध्यम से निर्धारित नियमों के अनुसार की जाए।
वहीं यूनियन नेता सोनी आजाद ने कहा कि अधिकारियों के साथ कई दौर की वार्ता के बावजूद कोई सहमति नहीं बन पाई है। उन्होंने ठेका और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी बंद कर पहले की तरह मस्टररोल व्यवस्था लागू करने की मांग की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मुख्यमंत्री के दौरे के बाद भी उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो शहर की सफाई व्यवस्था ठप करने का आंदोलन किया जाएगा।
