24 हजार रुपये मानदेय और कैशलेस इलाज की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों का प्रदर्शन

24 हजार रुपये मानदेय और कैशलेस इलाज की मांग को लेकर ग्राम रोजगार सेवकों का प्रदर्शन

20 वर्षों से सेवाएं देने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखने का लगाया आरोप, मुख्यमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

सहारनपुर। न्यूनतम 24 हजार रुपये मासिक मानदेय, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और एचआर पॉलिसी लागू करने सहित चार सूत्रीय मांगों को लेकर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश ग्राम रोजगार सेवक संघ की जिला इकाई ने जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्राम रोजगार सेवकों ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से भेजकर मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की।

ज्ञापन में ग्राम रोजगार सेवकों ने कहा कि वे पिछले 20 वर्षों से ग्राम पंचायतों में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपनी सेवाएं दे रहे हैं। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर लागू कराने के साथ ही मनरेगा के तहत ग्रामीण श्रमिकों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। इसके बावजूद उन्हें अब तक सम्मानजनक मानदेय और जरूरी मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।

संघ ने मांग की कि ग्राम रोजगार सेवकों का न्यूनतम मासिक मानदेय 24 हजार रुपये निर्धारित किया जाए और इसके भुगतान के लिए अलग बजट की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही ग्राम रोजगार सेवकों और उनके परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द एचआर पॉलिसी लागू करने की मांग उठाई।

इसके अलावा ग्राम पंचायत स्तर पर ग्राम्य विकास विभाग के सभी कार्यों को ग्राम रोजगार सेवकों के जॉब चार्ट में शामिल करने और उनका पदनाम बदलकर ग्राम विकास सहायक किए जाने की मांग भी की गई। संघ के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की।

इस दौरान जिलाध्यक्ष घनश्याम सिंह राणा, प्रदेश सचिव एवं जिला संरक्षक जितेंद्र चौधरी, जिला महामंत्री नीटू चौधरी, जिला उपाध्यक्ष सतीश कुमार कश्यप, जिला संरक्षक रविंद्र राणा सहित सरसावा, नागल, नकुड़, बलियाखेड़ी और देवबंद ब्लॉक के अध्यक्षों समेत बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सेवक मौजूद रहे।

Leave a Reply