‘वंदे मातरम पर स्टैंड ने…’, राहुल गांधी के धरने पर BJP भड़की
कांग्रेस नेता राहुल गांधी के संसद मार्ग थाने में धरने पर बैठने को लेकर ने निशाना साधा है. बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने राहुल गांधी पर अराजकतावादी राजनीति करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि हमारी आशंका और आरोप है कि कांग्रेस ने वंदे मातरम् पर जो स्टैंड लिया उस पर फंस गई है. बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा, ‘राहुल गांधी बिना अनुमति और बिना किसी पूर्व सुचना के धरने पर बैठे हैं. उनको नियमों का सम्मान करना नहीं आता है. ‘
राहुल गांधी पर बीजेपी का निशाना
उन्होंने कहा, ‘सबसे अहम बात यह है कि जो लोग पीड़ित थे, वे सुप्रीम कोर्ट गए. सुप्रीम कोर्ट ने खुद इस मामले की जांच के लिए एक हाई-पावर्ड कमेटी बनाई. इस कमेटी के प्रमुख सुप्रीम कोर्ट के एक रिटायर्ड जज हैं और इसमें दो अन्य जज, सीबीआई के एक पूर्व डायरेक्टर और एक अन्य सीनियर अधिकारी शामिल हैं. गोली चली या नहीं, यह खुद ऐसी हाई-पावर्ड कमेटी के सामने जांच का विषय होगा. फिर इन सब का क्या मतलब है? राहुल गांधी क्या आपको कानून के शासन का कोई सम्मान नहीं है? क्या आप बस वही कर सकते हैं जो आपका मन करे, कहीं भी जा सकते हैं, धरने पर बैठ सकते हैं और अराजकता फैलाना शुरू कर सकते हैं?’
धरने पर बैठे राहुल गांधी
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार (21 अगस्त 2026) को नई दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे. वे जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान छात्रों पर पैलेट गन के इस्तेमाल को लेकर चल रही जांच की प्रगति जानने के लिए डीसीपी ऑफिस गए थे. राहुल गांधी पहले कनॉट प्लेस पुलिस स्टेशन गए थे. वहां से वे सीधे संसद मार्ग थाने स्थित डीसीपी ऑफिस पहुंचे. वे पैलेट गन पीड़ित साहिल लाछोब को साथ लेकर गए थे और इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे थे.
दिल्ली के डीसीपी ऑफिस में उनके साथ डीसीपी नई दिल्ली के अलावा जॉइंट सीपी भी डीसीपी रूम में मौजूद थे. डीसीपी ऑफिस से बाहर आते ही राहुल गांधी पीड़ित परिवार के साथ संसद मार्ग पुलिस स्टेशन में धरने पर बैठ गए हैं. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस मामले में अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है. वे इस शिकायत को दर्ज कराने के लिए संसद मार्ग पुलिस स्टेशन स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे.
