अमित शाह का ममता बनर्जी पर हमला, बोले- चिकन नेक की सुरक्षा के लिए मांगी थी 560 एकड़ जमीन

अमित शाह का ममता बनर्जी पर हमला, बोले- चिकन नेक की सुरक्षा के लिए मांगी थी 560 एकड़ जमीन

New Delhi : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि सिलीगुड़ी कॉरिडोर यानी ‘चिकन नेक’ की सुरक्षा मजबूत करने के लिए केंद्र ने 560 एकड़ जमीन मांगी थी, लेकिन उनकी सरकार ने इस मांग को अनसुना कर दिया। शाह ने कहा कि अब पश्चिम बंगाल में बीजेपी सरकार बनने के बाद सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए तेजी से जमीन उपलब्ध कराई जा रही है।

सिलीगुड़ी के पास रानीडांगा में SSB के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि ‘चिकन नेक’ पूर्वोत्तर भारत को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाला बेहद महत्वपूर्ण रणनीतिक गलियारा है। इसकी सुरक्षा के लिए केंद्र सरकार ने तीन अहम स्थानों—उत्तर दिनाजपुर के चोपड़ा, बिहार के किशनगंज और असम के धुबरी—में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है।

शाह के मुताबिक, सुरक्षा ढांचे के लिए जमीन की जरूरत सबसे बड़ी चुनौती थी। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल की पिछली सरकार के दौरान बार-बार अनुरोध के बावजूद जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई। वहीं, बीजेपी सरकार बनने के बाद महज 45 दिनों में BSF और SSB से जुड़े बुनियादी ढांचे के लिए 1,129 एकड़ जमीन उपलब्ध कराई गई।

अमित शाह ने इस दौरान ममता बनर्जी पर राजनीतिक हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े BSF और SSB जैसे बलों के कार्यक्रमों से दूरी बनाने का कोई कारण नहीं होना चाहिए। उन्होंने केंद्र की ओर से ‘चिकन नेक’ की सुरक्षा को लेकर उठाए गए कदमों को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अहम बताया।

Leave a Reply