समाजवादियों ने मनाई लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती
- सहारनपुर में लोकनायक जयप्रकाश नारायण के चित्र पर पुष्प अर्पित करते सपाई।
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने शनिवार को संपूर्ण क्रांति के उद्घोषक एवं समाजवादी आंदोलन के महान नेता लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाने का संकल्प लेते हुए वर्ष 2027 में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुन: उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।
अम्बाला रोड स्थित पार्टी जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष चैधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि जेपीएनआईसी समाजवादियों का संग्रहालय है, जहां जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा सहित कई ऐतिहासिक वस्तुएं मौजूद हैं, जिनसे समाजवाद की विचारधारा को समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसान और नौजवानों की समस्याओं से बेपरवाह है। युवा बेरोजगार हैं, किसानों को फसलों का वाजिब मूल्य नहीं मिल रहा है। जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए सरकार तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को जेपीएनआईसी जाने से रोकना लोकतांत्रिक मूल्यों पर प्रहार है। पिछले वर्ष भी उन्हें जयंती के अवसर पर माल्यार्पण की अनुमति नहीं दी गई थी, तब उन्होंने दीवार फांदकर श्रद्धांजलि अर्पित की थी। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2016 में मुख्यमंत्री रहते हुए अखिलेश यादव ने ही जेपीएनआईसी का उद्घाटन किया था। कार्यक्रम में प्रदेश सचिव रूही अंजुम, प्रदेश विशेष आमंत्रित सदस्य रतन यादव, सपा नेता अब्दुल गफूर, जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, अधिवक्ता प्रकोष्ठ प्रदेश सचिन जमाल साबरी, हसीन कुरैशी, जिंदा हसन, अब्दुल रहमान, नदीम कुरैशी, अयाज उस्मानी, कैफ कुरैशी, नावेद नारायण, जमील साबरी, वसीम उस्मानी, महताब अली, वेदपाल पटनी सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
