भारी बारिश से बिगड़े हालात: अमित शाह ने महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से की बात, हरसंभव मदद का दिया भरोसा
नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश से उत्पन्न स्थिति को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को महाराष्ट्र, गुजरात और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने तीनों राज्यों की मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, अमित शाह ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अलग-अलग बातचीत कर राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह तैयार है।
मुंबई में बारिश से जनजीवन प्रभावित
मुंबई में बुधवार को हुई तेज बारिश के चलते सामान्य जनजीवन प्रभावित रहा। लोकल ट्रेन सेवाएं देरी से संचालित हुईं, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सप्ताहांत में हुई मूसलाधार बारिश के बाद मंगलवार को कुछ राहत मिली थी, लेकिन बुधवार को फिर बारिश ने रफ्तार पकड़ ली।
ट्रेन सेवाओं पर असर
पालघर जिले के वसई-विरार सेक्शन और दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में जलभराव के कारण गुजरात जाने वाली लंबी दूरी की कई ट्रेनें प्रभावित रहीं। वहीं, भोर घाट सेक्शन में सोमवार को हुए भूस्खलन के बाद मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भी सेवाएं पूरी तरह सामान्य नहीं हो सकी हैं।
मुंबई महानगरपालिका के अधिकारियों के अनुसार, शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाले सात जलाशयों में शामिल तुलसी झील भारी वर्षा के कारण ओवरफ्लो होने लगी है।
गुजरात में भारी बारिश, पांच लोगों की मौत
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है। उधर, दक्षिण गुजरात में मंगलवार को हुई अत्यधिक बारिश से हालात गंभीर हो गए। सबसे अधिक प्रभावित सूरत जिले में बारिश से जुड़ी घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से करीब 2,100 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
सूरत जिले के कामरेज तालुका में मंगलवार शाम चार बजे तक महज 10 घंटे में 305 मिमी बारिश दर्ज की गई। खराब मौसम को देखते हुए सूरत और नवसारी जिलों में स्कूल और कॉलेज बंद रखने का निर्णय लिया गया। मौसम विभाग ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान सूरत, वलसाड और दादरा एवं नगर हवेली के कई क्षेत्रों में अत्यधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
जम्मू-कश्मीर में अचानक बाढ़ से नुकसान
जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार को भारी बारिश के बाद आई अचानक बाढ़ ने ठाठरी कस्बे के ऊपरी इलाकों में भारी तबाही मचाई। कई मकानों, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा, जबकि मलबा और बड़े पत्थर सड़कों पर जमा हो गए।
लगातार बारिश के चलते डोडा और किश्तवाड़ जिलों में इस सप्ताह अचानक बाढ़ की यह तीसरी घटना है। बाढ़ के कारण डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग भी बंद हो गया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। निर्माणाधीन 540 मेगावाट क्वार जलविद्युत परियोजना के पास भी सड़क को नुकसान पहुंचने की सूचना है।
