‘सर, सर, सर…’, CJP के अभिजीत दीपके ने पुलिस के आगे जोड़े हाथ, पकड़े पैर
दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन जारी है. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक अनशन पर बैठे हैं. इस बीच कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक्स हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में दीपके दिल्ली पुलिस के अधिकारी के आगे हाथ जोड़ लेते हैं और पैर पकड़ लेते हैं.
हमें टेंट लगाने दें, पुलिस से अभिजीत दीपके की अपील
इस वीडियो को शेयर करते हुए अभिजीत दीपके ने लिखा, “मैं पुलिस अधिकारियों से अनुरोध करता हूं कि वे हमें टेंट लगाने दें ताकि भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को बारिश से बचाया जा सके.”
वीडियो में ये कहते सुना जा रहा है कि ‘सर, सर, सर…तिरपाल लगाने दीजिए. सर बारिश है…रोक रखा है.’ जब अभिजीत दीपके पैर पकड़ने की कोशिश करते हैं तो पुलिस उन्हें रोकती भी है लेकिन वो नहीं मानते.
तीन दिनों से पुलिस की मंजूरी मिलने का इंतजार- दीपके
अपने एक अगले पोस्ट में उन्होंने कहा, “पिछले तीन दिनों से हमारी टीम टेंट लगाने के लिए पुलिस से मंजूरी मिलने का इंतजार कर रही है. रात भर बारिश होती रही और भूख हड़ताल पर बैठे लोग सो नहीं सके. उनका सारा सामान पूरी तरह भीग गया. हम सुबह 11 बजे से ही पुलिस से तिरपाल अंदर ले जाने की इजाजत मिलने का इंतजार कर रहे हैं.”
अधिकारी छात्रों के प्रति इतने क्रूर कैसे हो सकते हैं- दीपके
प्रदर्शन स्थल की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने ये भी लिखा, “कल रात हुई बारिश के बाद ऐसी स्थिति है. छात्रों के प्रति अधिकारी इतने क्रूर और अमानवीय कैसे हो सकते हैं?” तस्वीरों में देखा जा सकता है कि वहां पानी लगा है.
