राहुल गांधी प्रयागराज पहुंचे, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे; कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगी भीड़

राहुल गांधी प्रयागराज पहुंचे, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे; कार्यक्रम स्थल पर जुटने लगी भीड़

प्रयागराज। राहुल गांधी प्रयागराज पहुंच गए हैं। वह एयरपोर्ट से स्वराज भवन के लिए निकल लिए हैं। पेपर लीक, लंबित भर्तियों को लेकर लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का यहां आगमन हुआ है। उनका  ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम प्रतियोगियों की नगरी में होना है।

प्रयागराज एयरपोर्ट से स्वराज भवन गए राहुल

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी प्रयागराज पहुंच गए हैं। पहले उनके 3.15 बजे प्रयागराज पहुंचने का समय निर्धारित था, लेकिन उसके पहले दोपहर 2.20 बजे के लगभग वह निजी विमान से प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे।

एयरपोर्ट पर राहुल का स्वागत

प्रयागराज एयरपोर्ट पर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, विधानमंडल दल की नेता अराधना मिश्रा मोना आदि ने राहुल गांधी का स्वागत किया।

स्वराज भवन में विस चुनाव तैयारी पर कर सकते हैं चर्चा

एयरपोर्ट से राहुल अपने पैतृक निवास आनंद भवन स्थित स्वराज भवन आए। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय उनके साथ कुछ देर तक रहे। इसके बाद सारे नेताओं को राहुल के कमरे से बाहर कर दिया गया। स्वराज भवन में राहुल कांग्रेस के कुछ नेताओं से मिल सकते हैं। इसमें विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है।

केपी कॉलेज में छात्रों से ढाई घंटे तक करेंगे संवाद

इसके बाद राहुल गांधी शाम छह बजे केपी इंटर कॉलेज मैदान में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहां उनका रात 8.30 बजे तक यानी ढाई घंटे तक छात्रों से संवाद होगा। इसके बाद दिल्ली लौट जाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष समेत कांग्रेसी दिग्गज शहर में डटे

राहुल गांधी के आगमन से पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, विधान मंडल दल नेता अराधना मिश्रा मोना सहित कई वरिष्ठ नेता शहर में जमे हुए हैं। पुलिस प्रशासन ने भी हजारों छात्रों के आने के मद्देनजर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की है। कार्यक्रम स्थल पर एक हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।

पोस्टर फाड़ दिया गया

प्रयागराज के केपी कॉलेज मैदान के गेट पर राहुल गांधी और वरुण गांधी को एक साथ लाने तथा गांधी परिवार में संवाद और एकता का संदेश देने के उद्देश्य से एक पोस्टर लगाया गया था हालांकि दुर्भाग्यपूर्ण रूप से कुछ नफरती लोगों द्वारा इस पोस्टर को फाड़ दिया गया। यह शिकायत रवि सोनकर (गोलू) एडवोकेट हाई कोर्ट एवं संतोष सिंह सीनियर एडवोकेट ने की।

Leave a Reply