हत्याकांड में आरोपी के साथ पुलिस की हुई मुठभेड़, 100 CCTV खंगालने के बाद मिला था सुराग

हत्याकांड में आरोपी के साथ पुलिस की हुई मुठभेड़, 100 CCTV खंगालने के बाद मिला था सुराग

उत्तर प्रदेश के कानपुर में ई-ऑटो चालक हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात चकेरी थाना क्षेत्र के अलकनंदा इलाके में पुलिस टीम ने आरोपी की घेराबंदी की। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान राज के रूप में हुई है। यह मामला बिठूर के कुरसौली निवासी ई-ऑटो चालक बृजनंदन यादव की हत्या से जुड़ा है। 12 नवंबर की रात हुई इस वारदात के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसका शव चकेरी क्षेत्र के टटियन झनाका गांव के पास मिला था। घटना के बाद पुलिस ने हत्याकांड की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश में कई टीमें लगाई थीं।

शराब के पैग को लेकर हुआ था विवाद

कानपुर में पुलिस को सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मामले की जांच में सामने आया कि वारदात वाली रात आरोपी राज की मुलाकात बृजनंदन यादव से रामादेवी स्थित शराब के ठेके पर हुई थी। इसके बाद दोनों टटियन झनाका गांव के पास एक मैदान में पहुंचे, जहां साथ बैठकर शराब पी। इसी दौरान शराब के पैग को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर ईंट और पत्थरों से बृजनंदन के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मृतक का ई-ऑटो लेकर फरार हो गया था।

100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सर्विलांस की मदद से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। शुक्रवार देर रात अलकनंदा इलाके में उसकी मौजूदगी की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे दबोच लिया।

ई-ऑटो, तमंचा और कारतूस बरामद

एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से मृतक का ई-ऑटो, तमंचा, कारतूस और नकदी बरामद हुई है। आरोपी मूलरूप से साढ़ थाना क्षेत्र के कुर्थी गांव का निवासी बताया गया है। वह हरजिंदर नगर में रहकर मजदूरी करता था। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply