‘ये नए पीड़ित भी PDA में…’, UP पीसीएस रिजल्ट रद्द होने पर बोले अखिलेश यादव
यूपीपीसीएस 2025 प्रीलिम्स के नतीजे रद्द किए जाने को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है. उन्होंने इस परीक्षा से प्रभावित होने वाले लोगों का गणित समझाते हुए दावा किया कि आम लोग बीजेपी से हताश और निराश हैं. लोगों को समझ आ गया है कि जब तक इन्हें हटाएंगे नहीं तब तक बेरोजगारी की समस्या से छुटकारा नहीं मिलेगा.
सपा अध्यक्ष ने साधा निशाना
अखिलेश यादव ने एक बड़ी पोस्ट लिखते हुए इन यूपी पीसीएस प्रीलिम्स के नतीजों को लेकर निशाना साधा है. उन्होंने लिखा- ‘रद्द हुई उप्र पीसीएस प्री की परीक्षा देनेवाले 265270 पीड़ित प्रत्याशियों के साथ अगर केवल उनके पीड़ित माता-पिता को ही जोड़ लिया जाए तो कुल आँकड़ा 265270X3=795810 पीड़ितों का हुआ.
इसी तरह लगभग 20 अन्य पेपर लीक व भर्ती-परीक्षाएँ जो हुईं, जिनमें लाखों अभ्यर्थी होते हैं. उनकी भी सामान्य गणित निकालते हुए 20 से गुणा कर दें तो पीड़ितों को ये आँकड़ा 795810X20=15916200 हो जाएगा. अब इसे अगर 403 विधानसभाओं से भाग दे दिया जाए तो ये आँकड़ा आएगा लगभग 15916200/403=39494 नये पीड़ित प्रति विधानसभा.
इसमें से अगर ये भी मान लें कि लगभग एक तिहाई बेरोज़गार अभ्यर्थियों ने सभी परीक्षाओं में भाग लिया होगा, तो उन्हें व उनके माता-पिता को भी घटाकर आँकड़ा आयेगा 39494/3=13164 अब इसे टोटल से घटा देंगे तो 39494-13164=26,330 का आँकड़ा आएगा.
अगर हम कम-से-कम भी मान लें तो ‘परीक्षा-भर्ती रद्द होने जैसी शिक्षा-परीक्षा की धाँधलियों के कारण’ हर विधानसभा सीट पर लगभग 25000 पीड़ित युवा व आम वोटर भाजपा से बुरी तरह से हताश और निराश हैं और उन सभी आक्रोशित पीड़ित वोटरों को अब ये समझ आ गया है कि जब तक भाजपा को नहीं हटाया जाएगा तब तक बेरोज़गारी की समस्या से छुटकारा नहीं मिलेगा, इसीलिए वो भाजपा के ख़िलाफ़ वोट डालकर अपना गुस्सा भी निकालेंगे और भाजपा को हराकर, हमेशा के लिए विदा भी कर देंगे.
इन नए पीड़ितों के जुड़ने से ‘पीडीए’ का क़ाफ़िला और भी बलवान हुआ है, क्योंकि ‘जो पीड़ित है, वो पीडीए’ है. इसीलिए हम सब पीड़ित मिलकर भाजपा के पक्षपातपूर्ण अन्याय और भ्रष्टाचार का अहंकारी राज मिटाएंगे और 2027 में अपनी ‘पीडीए सरकार बनाएंगे!’ जब हक़मारी करनेवाली भेदभावपूर्ण भाजपा सरकार जाएगी तो हर संकट मिट जाएगा क्योंकि ‘भाजपा ही सबसे बड़ा संकट है’.
बस कुछ महीनों बाद ही 2027 में ‘अपनी पीडीए सरकार’ आएगी; ‘पीड़ा, दुख, अपमान’ मिटाएगी; बिना भेदभाव और नाइंसाफ़ी के ख़ुशहाली-तरक़्क़ी लाएगी!’
बता दें कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपीपीसीएस प्रीलिम्स 2025 के रिजल्ट को रद्द करते हुए नई मेरिट लिस्ट जारी करने के निर्देश दिए हैं. जिसके बाद आयोग नए सिरे से इसके नतीजे जारी करेगा. ऐसे में उन अभ्यार्थियों को बड़ा झटका लगा है जो मेंस और इंटरव्यू के बाद फाइनल रिजल्ट का इंतजार कर रहे थे.
