NCP शरद पवार के परिसीमन के समर्थन पर महाराष्ट्र कांग्रेस आगबबूला, जमकर निकाली भड़ास
मुंबई: संसद सत्र से पहले शरद पवार की पार्टी NCP ने एक बड़ा ऐलान किया था कि वह परिसीमन का समर्थन करेगी। NCP शरद पवार के इस फैसले से महाराष्ट्र कांग्रेस नाराज है और उसने पोस्ट लिखकर शरद पवार के खिलाफ भड़ास निकाली है।
महाराष्ट्र कांग्रेस ने क्या कहा?
महाराष्ट्र कांग्रेस ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट कर लिखा, “शरद पवार साहब को 85 वर्ष की उम्र में दोबारा राज्यसभा भेजने के लिए कांग्रेस पार्टी आखिरी वक्त तक उनके साथ मजबूती से खड़ी रही थी। मार्च 2026 में महाराष्ट्र की राज्यसभा की 7 सीटों के लिए चुनाव होने थे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के पास महज 10 विधायक थे। एक उम्मीदवार को जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के पास 16, जबकि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के पास 20 विधायक थे।”
महाराष्ट्र कांग्रेस ने बताया, “सुप्रिया सुले ने शरद पवार साहब की उम्मीदवारी के लिए कांग्रेस नेतृत्व से समर्थन मांगा। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे ने बिना किसी आनाकानी के सकारात्मक रुख अपनाया। कांग्रेस ने अपनी सीट पर दावा छोड़ते हुए शरद पवार साहब की उम्मीदवारी का समर्थन किया। इसके बाद शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) ने भी उन्हें समर्थन दिया और महाविकास आघाड़ी ने सर्वसम्मति से उनकी उम्मीदवारी तय की।”
महाराष्ट्र कांग्रेस ने कहा, “परिसीमन कानून की पृष्ठभूमि में वही शरद पवार साहब, सुप्रिया सुले और उनकी राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) अब बीजेपी सरकार का समर्थन करने जा रहे हैं।”
सोमवार को पार्लियामेंट के विशेष सत्र में शामिल होंगी सुप्रिया
एक और जानकारी ये भी सामने आई है कि सुप्रिया सुले सोमवार को पार्लियामेंट के विशेष सत्र में शामिल होंगी। शरद पवार की तबीयत ठीक ना होने की वजह से वे दिल्ली इस बीच नही जाएंगी। शरद पवार तीन दिन से ब्रीच कैंडी अस्प्ताल में हैं।
बता दें कि शरद पवार 85 साल के हैं और उन्हें पहले मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से माझगांव स्थित कैंसर अस्पताल ले जाया गया था, फिर बाद उन्हें वापस ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल लाया गया। गुरुवार को शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद उन्हें गुरुवार को ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
