पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायलावस्था में दबोचा

पुलिस ने मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश घायलावस्था में दबोचा
सहारनपुर में देहात कोतवाली पुलिस द्वारा मुठभेड़ में दबोचा गया शातिर बदमाश।

बदमाश के कब्जे से अवैध असलाह मय जिंदा व खोखा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल व नगदी बरामद

सहारनपुर। थाना देहात कोतवाली पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रूपए के इनामी गौकश को घायलावस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर मय एक जिंदा व दो खोखा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल व 500 रूपए की नगदी बरामद कर ली।

मिली जानकारी के अनुसार थाना देहात कोतवाली पुलिस देर रात्रि संदिग्ध वाहनों की चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान सरकड़ी खुमार की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर एक व्यक्ति आता दिखाई दिया जिसे पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर टार्च की रोशनी दिखाकर रूकने का इशारा किया। संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर पीछे मुड़कर सरकड़ी खुमार की ओर भागने लगा। पुलिस ने संदिग्ध बदमाश का पीछा किया तो कुछ दूरी पर जाकर बदमाश की मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर नीचे गिर पड़ी। पुलिस को नजदीक आता देख बदमाश ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायर झोंक दिया। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ फायरिंग की जिसमें बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया जिसे पुलिस ने बलप्रयोग कर दबोच लिया।

घायल बदमाश की पहचान शहजान पुत्र अहसान निवासी मोहम्मदपुर गाढ़ा थाना जनकपुरी के रूप में हुई। पुलिस ने बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस के अनुसार दबोचा गया बदमाश शातिर किस्म का अपराधी है जिसके खिलाफ अनेक थानों में गौकशी, लूट, आम्र्स एक्ट आदि मामलों में लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा दबोचे गए बदमाश की गिरफ्तारी पर 25 हजार रूपए का इनाम घोषित किया गया था।

Leave a Reply