क्रिकेटर सिराज पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद की टिप्पणी, अपनी पार्टी के नेता ने ही दिखाया आईना
नई दिल्ली। भारतीय टेस्ट टीम से क्रिकेटर मोहम्मद सिराज को बाहर किए जाने के बाद इस फैसले पर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सिराज को टीम से बाहर किए जाने पर भेदभाव का आरोप लगाया था। अब कांग्रेस की राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने उनके बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए खेल और राजनीति को अलग रखने की नसीहत दी है।
रंजीत रंजन ने कहा कि वह इमरान मसूद से गुजारिश करेंगी कि वे राजनीति और खेल को अलग रखें और खेलों में दखल न दें। उन्होंने कहा कि खेलों का अपना अलग दायरा होता है और खिलाड़ियों के चयन के लिए योग्यता के अपने पैमाने होते हैं। हर खिलाड़ी का अपना संघर्ष होता है।
उन्होंने आगे कहा कि राजनीतिक दांव-पेच अपनी जगह हैं, लेकिन खेलों और खिलाड़ियों को राजनीतिक चर्चाओं में नहीं घसीटना चाहिए। ऐसा करना उन्हें बिल्कुल भी स्वीकार्य नहीं है।
वारिस पठान ने भी उठाए चयन पर सवाल
उधर, AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता वारिस पठान ने भी मोहम्मद सिराज को टीम से बाहर किए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इससे पहले सरफराज खान को भी टीम में जगह नहीं मिली थी। उस समय उनके शरीर और वजन को लेकर सवाल उठाए गए थे। इसके बाद सरफराज ने अपना वजन कम किया और घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें टीम में क्यों नहीं चुना गया?
वारिस पठान ने मोहम्मद सिराज का समर्थन करते हुए कहा कि सिराज सकारात्मक क्रिकेट खेल रहे थे और लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे थे। उन्होंने जसप्रीत बुमराह की जगह टीम के लिए भी काफी मददगार भूमिका निभाई। टीम को जब भी उनकी जरूरत पड़ी, उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया। ऐसे में उन्हें टीम में जगह क्यों नहीं दी गई, यह सवाल उठता है।
इस मामले में अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रियाओं के बाद मोहम्मद सिराज के चयन को लेकर बहस तेज हो गई है।
