PM मोदी के जन्मदिन पर अमित शाह का संदेश, बोले- सुरक्षित भारत ही समृद्ध भारत की पहली शर्त

PM मोदी के जन्मदिन पर अमित शाह का संदेश, बोले- सुरक्षित भारत ही समृद्ध भारत की पहली शर्त

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने उन्हें शुभकामनाएं दीं। शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के राजनीतिक सफर, राष्ट्रसेवा और सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत ने कई क्षेत्रों में महत्वपूर्ण बदलाव देखे हैं। उन्होंने कहा कि सुरक्षित भारत ही समृद्ध भारत की पहली शर्त है और प्रधानमंत्री मोदी ने इसे सिद्ध करके दिखाया है।

अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता प्रधानमंत्री मोदी के व्यक्तित्व की प्रमुख विशेषताएं हैं। शाह के मुताबिक, कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले मोदी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है।

सामान्य स्वयंसेवक से प्रधानमंत्री तक का सफर

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि एक सामान्य स्वयंसेवक से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री तक प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा यह दिखाती है कि जब जीवन का लक्ष्य राष्ट्रसेवा हो, तो कठिन से कठिन संकल्प भी पूरे किए जा सकते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सत्ता को साध्य नहीं, बल्कि गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का माध्यम माना। शाह ने यह भी कहा कि उनके जैसे कार्यकर्ता स्वयं को सौभाग्यशाली मानते हैं, जिन्हें प्रधानमंत्री मोदी की अलग-अलग भूमिकाओं में उनके साथ काम करने का अवसर मिला।

गरीब कल्याण और योजनाओं का किया जिक्र

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि शासन के केंद्र में हमेशा समाज का अंतिम व्यक्ति रहा है। उन्होंने पक्के मकान, आयुष्मान कार्ड समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इन योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में बदलाव आया है।

शाह ने तीन तलाक से मुक्ति, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, स्टार्टअप इंडिया, स्किल इंडिया और नई शिक्षा नीति जैसी पहलों का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, इन प्रयासों से महिलाओं और युवाओं के लिए नए अवसर पैदा हुए हैं।

इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर अर्थव्यवस्था तक का जिक्र

गृहमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में कभी विकास की बात तक नहीं होती थी, वहां आज बड़े स्तर पर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार हुआ है। उन्होंने कश्मीर में चिनाब रेलवे ब्रिज, पूर्वोत्तर में सड़क और पुल परियोजनाओं, वंदे भारत ट्रेनों और सेमीकंडक्टर यूनिट को नए भारत के प्रतीक के तौर पर बताया।

उन्होंने कहा कि जिस भारत को कभी ‘फ्रैजाइल फाइव’ कहा जाता था, वह आज दुनिया की तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। शाह ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को 36 देशों की ओर से मिले सर्वोच्च सम्मान वास्तव में सभी भारतीयों का सम्मान हैं।

आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का दावा

अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आतंकवाद के खिलाफ अपनाई गई नीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश ने पहली बार आतंकवाद के विरुद्ध ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को जमीन पर उतरते देखा।

शाह ने धारा 370 हटाने, सर्जिकल स्ट्राइक, एयर स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि इन फैसलों से दुनिया को संदेश गया कि भारत अब केवल निंदा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि निर्णायक जवाब भी देता है।

उन्होंने नक्सलवाद, पूर्वोत्तर में शांति समझौतों और सीमा सुरक्षा का भी उल्लेख किया। अमित शाह ने कहा कि सुरक्षित भारत ही समृद्ध भारत की पहली शर्त है और प्रधानमंत्री मोदी ने इसे सिद्ध करके दिखाया है।

Leave a Reply