‘चच्चू कांग्रेस वालों को…’, सपा-कांग्रेस में मचे घमासान पर ओपी राजभर ने कसा तंज
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर एक दूसरे पर जमकर बयानबाजी देखने को मिल रही है, जिसे लेकर यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि इसे गठबंधन नहीं ठगबंधन कहते हैं. दोनों में बंदरबांट की लड़ाई हो रही है.
ओम प्रकाश राजभर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक पर पोस्ट कर सपा मुखिया पर हमला किया और कहा- “अखिलेश जी! आप रायबरेली गए तो कांग्रेस वाले आपके इटावा जाने को कह रहे हैं, चच्चू कांग्रेस वालों को जसवंतनगर बुलाकर औकात दिखाना चाह रहे हैं, इमरान मसूद आपको आंख दिखा रहे हैं, इकरा हसन कांग्रेस वालों को उनकी जगह दिखा रही हैं.”
कैबिनेट मंत्री ने कहा-“अजय राय और राजेंद्र पाल गौतम ने सपा को छोटा भाई बना ही दिया है और आपके प्रवक्ता लोग कांग्रेसियों को लिमिट में रहना सिखा रहे हैं. ए महाराज, इसको गठबंधन कहते हैं? असल में इसको ठगबंधन कहा जाता है. ठगी के लिए प्लानिंग भी हो रही और लूट के माल के बंदरबाँट के लिए लड़ाई भी हो रही. लड़ाई इस बात की है कि कौन बड़ा ठग?”
सुभासपा चीफ ने कहा-“बस इतना बता दीजिए कि अपने नेताओं को कांग्रेस के खिलाफ बोलने की परमिशन भी आपने ही दी है ना? या चच्चू और बाक़ी नेता इस मामले में आत्मनिर्भर हो गए हैं? बाकी रथ निकालियेगा तो यहीं लखनऊ के बगल में अमेठी है. एक चक्कर मार लीजिएगा. वही अमेठी जिसने आपके मित्र राहुल बाबा को सिर्फ़ हराया ही नहीं, बल्कि भगा दिया. उसी अमेठी घूम आइये महाराज, कांग्रेसियों को जलने दीजिए.”
सपा-कांग्रेस में गठबंधन को लेकर बयानबाजी
बता दें कि यूपी चुनाव को लेकर जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में पूरा एनडीए गठबंधन एकजुट नजर आ रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सपा-कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जमकर बयानबाजी देखने को मिल रही है. काँग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से लेकर राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद लगातार गठबंधन में देऱी को लेकर हमलावर दिख रहे हैं तो वहीं सपा की ओर से भी बयानबाजी जारी है. जिसके बाद चुनाव से पहले दोनों दलों में आपसी मतभेदों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
