‘सिर्फ नेहरू ही जेल नहीं गए…’, CM योगी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

‘सिर्फ नेहरू ही जेल नहीं गए…’, CM योगी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में महाशय मसुरियादीन की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में भाग लिया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा. सीएम योगी ने कहा, “राहुल एक बात नोट करना, देश की आजादी के लिए सिर्फ नेहरू ही जेल नहीं गए थे. देश की आजादी के लिए महाशय मसुरियादीन पासी भी जेल गए थे. एक महीना दो महीना नहीं बल्कि मसुरियादीन ने 1934 से लेकर 1944 तक नौ साल जेल में काटे. इस दौरान उन्होंने भारत की आजादी की लड़ाई को आगे बढ़ाने का काम किया.”

उन्होंने आगे कहा, “एक ऐसा महापुरुष जिसने 66 साल के जीवन में 9 साल जेल में काटे. बाहर आकर भी जनजागरण के कार्यक्रम को आगे बढ़ाया और उन्हीं के प्रति जनता के मन में कितना श्रद्धा और सम्मान का भाव रहा.”

सीएम योगी ने बताया, “1946 में मसुरियादीन पासी उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य बनते हैं और स्वतंत्र भारत में 1952 से लेकर 1972 तक चार बार देश की संसद में चुनकर जाते हैं. 1952 में पहली बार जब एक ही सीट पर दो सांसद चुने जाते थे तब पंडित नेहरू और मसुरियादीन दोनों एक साथ चुनकर गए थे.”

सीएम योगी ने संबोधन में और क्या कहा?

सीएम योगी ने आगे बताया उन्होंने पहले ही साल 1952 में देश के अंदर मसुरियादीन पासी ने उस काले कानून के लिए आवाज उठाई थी जिस कानून ने देश की उन जातियों को जिन जातियों ने भारत के स्वाधीनता की लड़ाई लड़ी थी. जिन जातियों का इतिहास भारत की स्वाधीनता और गौरव के साथ जुड़ता है.

उन्होंने आगे कहा कि 1857 के प्रथम स्वतंत्र समर में मुंह की खाने के बाद 1871 में जरायम पेशा कानून बनाकर तमाम ऐसी जातियों को अपमानित करने का काम किया. उनमें से पासी जाति को भी उस काले कानून में रखा गया था.

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि उस काले कानून को समाप्त करने के लिए अगर किसी महापुरुष ने लड़ाई लड़ी थी तो वह बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर और महाशय मसुरियादीन पासी ने लड़ी थी. इन महापुरुषों ने उस काले कानून को खत्म करने की लड़ाई लड़ी और आखिर में उसको समाप्त करके पासी समाज, सोनकर समाज, वंचित समाज को राष्ट्र की मुख्य धारा से जोड़कर सम्मानजनक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया.

Leave a Reply