नानौता पुलिस ने एक महिला समेत तीन नशा तस्करों को दबोचा
1.20 करोड़ रुपये की 590 ग्राम स्मैक और दो मोबाइल बरामद
सहारनपुर। थाना नानौता पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत तीन शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 590 ग्राम अवैध स्मैक और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 1.20 करोड़ रुपये बताई गई है।
डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर परिक्षेत्र के तीनों जनपदों में मादक पदार्थों, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए ‘ऑपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत नानौता पुलिस ने कार्रवाई की।
थाना प्रभारी विकास चारण और उपनिरीक्षक जयवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर चेकिंग के दौरान रेलवे स्टेशन रोड स्थित गत्ता फैक्ट्री के खंडहर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नौशाद पुत्र इरशाद, निवासी मोहल्ला चाहमंजिली, कस्बा व थाना नानौता; कलीम पुत्र सलीम, निवासी मोहल्ला हबीबगढ़, ताहिर ईंटों वालों के पास, थाना कुतुबशेर; तथा ईशरत पत्नी नसीम, निवासी चांद कॉलोनी, थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से क्रमशः 270 ग्राम, 60 ग्राम और 260 ग्राम, कुल 590 ग्राम अवैध स्मैक तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि आरोपी नौशाद शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में अलग-अलग धाराओं में करीब 12 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं ईशरत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दो मुकदमे और कलीम के खिलाफ एक मुकदमा दर्ज है।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर उनके नशा तस्करी के नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
