shobhit University Gangoh
 

जनवरी में सबसे गर्म रहा सोमवार का दिन, अब कोहरा बढ़ाएगा परेशानी

जनवरी में सबसे गर्म रहा सोमवार का दिन, अब कोहरा बढ़ाएगा परेशानी
लखनऊ। जनवरी में सोमवार सबसे गर्म रहा। वर्ष 2021 के बाद इस महीने में इसे सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया। 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज पछुआ हवाओं के बावजूद राजधानी में अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।मौसम विभाग के अनुसार आगामी 23 जनवरी तक मौसम में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा, लेकिन 24 जनवरी से कोहरे में बढ़ोतरी से तापमान में गिरावट हो सकती है। सोमवार को लखनऊ के अधिकतम तापमान में 5.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी रही, जबकि न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री बढ़कर 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को अधिकतम तापमान में कोई बड़ा परिवर्तन नहीं है।

सबसे गर्म रहा सोमवार का दिन

आंचलिक विज्ञान केंद्र के मौसम विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह के अनुसार सोमवार को दिन में 40 किलोमीटर की रफ्तार से पछुआ हवा चलने से कोहरे में कमी रही, इससे वर्ष 2021 के बाद सोमवार का दिन जनवरी का सबसे गर्म दिन रिकार्ड किया गया।वर्तमान पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद 24 जनवरी से कोहरे में बढ़ोतरी होने और तापमान में गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिले में सुबह और देर रात घने कोहरे का भी असर रहेगा। 22 जनवरी को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिले में हल्की वर्षा होने की भी संभावना है।

नई दिल्ली जाने वाली तेजस एक्सप्रेस निरस्त

मौसम में थोड़ा सुधार जरूर हुआ, लेकिन ट्रेनों की लेटलतीफी अब भी नहीं थमी है। कोहरे के कारण लगातार लेट चल रही नई दिल्ली जाने वाली 82501 तेजस एक्सप्रेस को सोमवार को निरस्त कर दिया गया। वहीं, 82502 मंगलवार को निरस्त रहेगी। इसके अलावा कई ट्रेनें नौ घंटे से लेकर दो घंटे तक की देरी से चल रही हैं। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।विलंब से आई कई ट्रेनें, परेशान हुए यात्री
रेलवे स्टेशन होकर जाने वाली कई ट्रेनें सोमवार को विलंब से आई। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।स्टेशन के रिजर्वेशन बुकिंग सुपरवाइजर प्रभारी आरके पांडेय का कहना है कि 14242 सहारनपुर से प्रयागराज संगम जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस छह घंटा 12 मिनट, 54254 लखनऊ से प्रयागराज संगम जाने वाली पैसेंजर पांच घंटा 53 मिनट, 04662 अमृतसर से फाफामऊ जाने वाली स्पेशल ट्रेन एक घंटा दो मिनट, 04202 प्रयागराज संगम से आलमनगर जाने वाली स्पेशल ट्रेन एक घंटा 14 मिनट, 15127 बनारस से दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक घंटा 40 मिनट देरी से आई।

12183 भोपाल से प्रतापगढ़ जाने वाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस एक घंटा 24 मिनट विलंब से आई। स्टेशन अधीक्षक ऊंचाहार विनोद त्रिपाठी ने बताया कि 14218 चंडीगढ़ से प्रयागराज संगम जाने वाली ट्रेन एक घंटा 24 मिनट विलंब से आई।

 

Jamia Tibbia