IPS अजयपाल शर्मा के Video पर फिर भड़के अखिलेश यादव, सीएम योगी से जोड़ा कनेक्शन, कहा- कार्रवाई हो
पश्चिम बंगाल में यूपी कैडर के आईपीएस अफसर अजय पाल शर्मा द्वारा टीएमसी के प्रत्याशी को धमकाने के मामले ने तूल पकड़ लिया है. समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर से इस घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और उनके ख़िलाफ़ कार्रवाई की माँग की. उन्होंने कहा कि इसका सीधा संबंध सीएम योगी आदित्यनाथ से जुड़ा है.
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि आईपीएस अधिकारी को जो वीडियो वायरल हो रहा है उससे यूपी सरकार में शासन और प्रशासन की छवि बेहद खराब हुई है. उन्होंने अधिकारी को सीएम योगी से जोड़ते हुए कहा कि वो इनके खिलाफ जैसी कार्रवाई करेंगे उससे ही मुख्यमंत्री का रुख भी साफ होगा.
सपा अध्यक्ष ने की कार्रवाई की माँग
अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर लिखा- ‘बंगाल चुनाव के दौरान ऑब्ज़र्वर बने, उप्र के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का जो अभद्र वीडियो सरेआम चल रहा है, उससे उत्तर प्रदेश सरकार के शासन-प्रशासन की छवि बेहद क्षतिग्रस्त हुई है साथ ही भाजपा सरकार के तथाकथित ‘महिला सम्मान’ व ‘नारी वंदन’ के दावों की पोल भी महिलाओं के सामने पूरी तरह खुल गई है.
भाजपा शासन-प्रशासन में ऐसे व्यक्ति व अधिकारी अपवाद नहीं है. नारी को लगता है कि जिनके हाथ में महिला सुरक्षा की बागडोर है अगर वो ‘ऐसे’ हैं, तो हमारी सुरक्षा कैसे होगी. आज भाजपा से जुड़ी हर नारी शर्मिंदा है क्योंकि बहन-बेटियां तो उनके घरों में भी हैं.
देखते हैं इनका निलंबन-बर्ख़ास्तगी कितनी जल्दी होती है. इसका सीधा संबंध मुख्यमंत्री जी की छवि से जुड़ा है. इस अधिकारी के ख़िलाफ़ जैसी कार्रवाई होगी वो तय करेगी कि मुख्यमंत्री जी का इस मामले में ख़ुद का रुख़ कैसा है?
वैसे इतना सब कुछ उजागर होने के बाद तो मुख्यमंत्री जी भी मन मारकर ही सही, अनुशासनात्मक-दंडात्मक कार्रवाई करने के लिए बाध्य हो जाएंगे और अपने इस ‘विशेष कृपा प्राप्त’ को बचाने के लिए ये नहीं कहेंगे कि ये वीडियो ‘एआई’ जेनरेटेड है. ज़ीरो टॉलरेंस सिर्फ़ अपराधियों के ख़िलाफ़ नहीं ऐसे अधिकारियों के ख़िलाफ़ भी होना चाहिए.’
IPS अजय पाल शर्मा का वीडियो वायरल
बता दें कि यूपी की कैडर के आईपीएस अधिकारी अजय पाल शर्मा को बंगाल में दक्षिण परगना का पर्यवेक्षक बनाया गया है. दूसरे चरण की वोटिंग से पहले उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें वो टीएमसी के प्रत्याशी जहांगीर के परिवार को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं. ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वहीं सपा मुखिया ने उन्हें बीजेपी का एजेंट बताया.
