नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र के तत्वाधान में अगले हफ्ते वैश्विक खाद्य सुरक्षा व संकट के हालात पर चर्चा करने के लिए मंत्रिस्तरीय बैठक होने वाली है। इसमें यूक्रेन-रूस युद्ध के चलते दुनिया के कई देशों के सामने पैदा हुए खाद्यान्न संकट को दूर करने में भारत की पेशकश पर भी विचार किया जाएगा। अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन की ओर से 18 मई को बुलाई गई इस बैठक में भारत भी हिस्सा लेगा। बैठक में मुख्य तौर पर इस बात पर विचार होगा कि एशिया और अफ्रीका के गरीब देशों को भावी खाद्यान्न संकट से कैसे बचाया जाए।

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भी होनी है बहस

उल्लेखनीय तथ्य यह है कि इस बैठक के साथ ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में भी खाद्य संकट पर एक बहस होनी है। यह संकट मुख्य तौर पर यूक्रेन से गेहूं आपूर्ति के प्रभावित होने और रूस पर लगाए गए अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों की वजह से पैदा हुआ है। भारत पिछले एक महीने के दौरान कई अवसरों पर यह पेशकश कर चुका है कि वह इस भावी खाद्यान्न संकट से दुनिया को बचाने में हरसंभव मदद करने को तैयार है।

संयुक्त बैठक में उठा था मुद्दा

सबसे पहली पेशकश पीएम नरेन्द्र मोदी ने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के साथ हुई वर्चुअल बैठक में की थी। इस बारे में दोनों नेताओं के बीच कुछ मुद्दों पर चर्चा भी हुई थी। इसके बाद दोनों देशों के रक्षा व विदेश मंत्रियों की संयुक्त बैठक में भी यह मुद्दा उठा था। बाद में नई दिल्ली में आयोजित रायसीना डायलाग में भी विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ऐलान किया था कि भारत दुनिया को खाद्यान्न संकट से बचाने को तैयार है लेकिन इसके लिए विश्व व्यापार संगठन (डब्लूटीओ) को अपने नियम बदलने होंगे।

अनाज उपलब्ध करा सकता है भारत

डब्लूटीओ के नियम के मुताबिक सब्सिडी के तहत किसानों से खरीदे गए अनाज को भारत बाहर नहीं भेज सकता। इस नियम में छूट मिलने पर भारत काफी मात्रा में अनाज उपलब्ध करा सकता है। पिछले हफ्ते पीएम मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों के बीच हुई वार्ता में भी खाद्य सुरक्षा एक अहम मुद्दा रहा था।

सरकार के भीतर भी इस पेशकश पर चर्चा

भारत की इस पेशकश को लेकर सरकार के भीतर भी चर्चा हो रही है। यह आकलन किया जा रहा है कि भारत कुल कितना अनाज वैश्विक बाजार में भेज सकता है। कृषि क्षेत्र के जानकारों के मुताबिक भारत अभी तीन से चार करोड़ टन अनाज वैश्विक बाजार में उपलब्ध कराने की क्षमता रखता है।

कई देशों ने दिखाई दिलचस्‍पी

हाल ही में मिस्र ने भारत से गेहूं खरीदने का सौदा किया है। तुर्की और यूरोपीय संघ के कई देशों के साथ भी बातचीत अंतिम चरण में है। इस साल की पहली तिमाही में ही भारत ने 40 लाख टन गेहूं निर्यात करने का आर्डर हासिल किया है जो अभी तक सर्वाधिक आर्डर है।