ओलंपिक की मेजबानी, दुनिया के विकास का इंजन… नीदरलैंड्स दौरे में PM मोदी ने सेट किया भारत का एजेंडा

ओलंपिक की मेजबानी, दुनिया के विकास का इंजन… नीदरलैंड्स दौरे में PM मोदी ने सेट किया भारत का एजेंडा

नीदरलैंड्स दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुनिया के सामने नए भारत का विजन रखा. भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब सिर्फ तेजी से विकास करने वाला देश नहीं, बल्कि दुनिया की अर्थव्यवस्था और तकनीक को दिशा देने वाला ‘ग्लोबल ग्रोथ इंजन’ बन रहा है. ओलंपिक की मेजबानी की महत्वाकांक्षा से लेकर AI, स्टार्टअप, डिजिटल इंडिया और अंतरिक्ष मिशनों तक, पीएम मोदी ने साफ संदेश दिया कि नया भारत अब बड़े लक्ष्य तय कर उन्हें हासिल करने की क्षमता रखता है.

भारत में तेजी से हो रहा बदलाव

पीएम मोदी ने कहा कि आधुनिक भारत कई क्षेत्रों में बड़े बदलाव देख रहा है. उन्होंने बताया कि भारत ने सफलतापूर्वक G20 शिखर सम्मेलन आयोजित किया और दुनिया के सबसे बड़े AI समिट की मेजबानी भी की. उन्होंने कहा कि यह केवल एक बार की उपलब्धि नहीं है, बल्कि आज के भारत की पहचान बन चुकी है.

स्टार्टअप और डिजिटल इंडिया पर जोर

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है. उन्होंने यह भी बताया कि देश में दुनिया का सबसे बड़ा यूनिक आईडी प्रोग्राम और सबसे बड़ा वित्तीय समावेशन अभियान चलाया गया है. उन्होंने कहा कि भारत में डिजिटलाइजेशन बहुत तेजी से बढ़ रहा है और देश दुनिया की सबसे बड़ी सरकारी स्वास्थ्य बीमा योजना भी चला रहा है.

अंतरिक्ष में भारत की उपलब्धियां

पीएम मोदी ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत चांद के उस हिस्से तक पहुंचा है, जहां पहले कोई नहीं पहुंचा था. उनके अनुसार, यह देश के बढ़ते आत्मविश्वास और महत्वाकांक्षा का प्रतीक है.

2014 चुनाव परिणामों को किया याद

प्रधानमंत्री ने 16 मई 2014 के लोकसभा चुनाव परिणामों को याद करते हुए कहा कि कई दशकों बाद भारत में पूर्ण बहुमत वाली स्थिर सरकार बनी थी. उन्होंने कहा, ‘करोड़ों भारतीयों का विश्वास मुझे रुकने या थकने नहीं देता.’

भारतीय संस्कृति और प्रवासी भारतीयों की सराहना

हेग में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने प्रवासी भारतीयों की भी तारीफ की. उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने के बावजूद भारतीयों ने अपनी संस्कृति, त्योहारों और पारिवारिक मूल्यों को संभाल कर रखा है. उन्होंने कहा कि समय के साथ पीढ़ियां, देश और परिस्थितियां बदल गईं, लेकिन भारतीय परिवारों के संस्कार और अपनापन कभी नहीं बदला.

भारत की विविधता सबसे बड़ी ताकत

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की सांस्कृतिक विविधता उसकी सबसे बड़ी ताकत है. उन्होंने कहा कि दुनिया की कई सभ्यताएं समय के साथ खत्म हो गईं, लेकिन भारतीय संस्कृति आज भी लोगों के दिलों में जीवित है.

Leave a Reply