दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की दर्दनाक मौत; चार गंभीर घायल

दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत, दो युवकों की दर्दनाक मौत; चार गंभीर घायल

मिर्जापुर। दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर थाना मिर्जापुर क्षेत्र में ग्लोकल यूनिवर्सिटी के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, एक बाइक पर उत्तराखंड के देहरादून जिले के गांव धर्मावाला निवासी इरशाद पुत्र नानू अपने भांजे इब्राहिम पुत्र इसरार के साथ सवार थे। वहीं दूसरी बाइक पर थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव खुशहालपुर निवासी गालिब पुत्र शाहिद, मुकीम पुत्र इकराम, गांव मीरगढ़ थाना बेहट निवासी सलमान पुत्र लुकमान और उमर पुत्र फूला सवार थे।

ग्लोकल यूनिवर्सिटी के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि इरशाद और गालिब की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इब्राहिम, मुकीम, सलमान और उमर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेहट में भर्ती कराया। यहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।