CM योगी की मां सावित्री देवी का 91 साल की उम्र में निधन, पैतृक गांव पंचूर में ली अंतिम सांस
देहरादून। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी जिले में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।
पौड़ी के एसएसपी सर्वेश कुमार ने सावित्री देवी के निधन की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक, उनका निधन सुबह करीब 11 बजे पैतृक आवास पर हुआ।
सीएम धामी ने जताया गहरा शोक
सावित्री देवी के निधन की खबर सामने आने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताया।
सीएम धामी ने लिखा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी का निधन बेहद दुखद है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
