सोलर बूथ को जोधपुरवासियों का शानदार समर्थन, सात दिनों में 360 पंजीकरण; दो दिन शेष, घरेलू उपभोक्ताओं के साथ RWA से भी लाभ उठाने की अपील
जोधपुर। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार और आमजन को सौर ऊर्जा के प्रति जागरूक करने के लिए जलोड़ी गेट स्थित JdVVNL GIS सब स्टेशन के निकट स्थापित सोलर बूथ को जोधपुरवासियों का अच्छा समर्थन मिल रहा है। MNRE एवं JdVVNL के तत्वावधान में City Acceleration Programme के अंतर्गत संचालित इस बूथ पर सात दिनों में 360 उपभोक्ताओं का पंजीकरण किया जा चुका है। बूथ के संचालन के अब केवल दो दिन शेष हैं।
बूथ पर प्रतिदिन पहुंच रहे उपभोक्ताओं को पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, सरकारी सब्सिडी, रूफटॉप सोलर लगाने की प्रक्रिया, वेंडर चयन और बिजली बिल में संभावित बचत की जानकारी दी जा रही है। दिनवार आंकड़ों के अनुसार 4 और 5 नवंबर को 74-74, 6 नवंबर को 55, 7 नवंबर को 57, 8 नवंबर को 34, 9 नवंबर को 36 तथा 10 नवंबर को 30 पंजीकरण हुए। इस प्रकार सात दिनों में कुल 360 पंजीकरण दर्ज किए गए।
MNRE के ऋषभ त्यागी ने बताया कि जोधपुरवासियों की ओर से सोलर बूथ को मिल रहा उत्साहजनक समर्थन सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बूथ के संचालन के केवल दो दिन शेष हैं। ऐसे में जोधपुर के सभी घरेलू बिजली उपभोक्ताओं और आवासीय कॉलोनियों की समितियों को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से RWA से अपील की कि वे भी बूथ पर पहुंचकर योजना की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार उपलब्ध केंद्रीय वित्तीय सहायता (CFA) का लाभ उठाएं।
त्यागी ने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना केवल व्यक्तिगत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए ही नहीं, बल्कि पात्र RWA और आवासीय सोसायटियों के लिए भी सौर ऊर्जा अपनाने का अच्छा अवसर है। जहां घरेलू उपभोक्ता अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर बिजली बिल में बचत कर सकते हैं, वहीं RWA सोसायटी के कॉमन एरिया, स्ट्रीट लाइट, लिफ्ट, पानी की मोटर और अन्य साझा विद्युत आवश्यकताओं के लिए रूफटॉप सोलर की संभावनाओं का लाभ उठा सकती हैं। इससे परिवारों के साथ-साथ सोसायटी के साझा बिजली खर्च में भी कमी लाई जा सकती है।
उन्होंने बताया कि योजना के तहत पात्र घरेलू उपभोक्ताओं को केंद्र सरकार की ओर से अधिकतम 78,000 रुपये तक की केंद्रीय वित्तीय सहायता तथा राजस्थान सरकार की ओर से पात्रता के अनुसार 17,000 रुपये तक की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इससे उपभोक्ता अपने घरों में बिजली उत्पादन कर बिल में बचत करने के साथ अतिरिक्त बिजली को निर्धारित नियमों के तहत DISCOM को बेचकर आर्थिक लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं।
इस अवसर पर JdVVNL के अधीक्षण अभियंता (PMSG) प्रहलाद राम ने बताया कि DISCOM की ओर से योजना को अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सोलर बूथ के माध्यम से लोगों को योजना की जानकारी, आवेदन, वेंडर चयन और पंजीकरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने घरेलू उपभोक्ताओं के साथ RWA से भी आगे आकर योजना का लाभ उठाने और अपने क्षेत्रों में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
सोलर बूथ 4 नवंबर से 13 नवंबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। इच्छुक घरेलू उपभोक्ता एवं RWA शेष दो दिनों में जलोड़ी गेट स्थित बूथ पर पहुंचकर योजना की जानकारी, मार्गदर्शन और पंजीकरण की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
