‘संजय नहीं, राजीव बनेंगे प्रधानमंत्री’, जब घर में घुसे एक ज्योतिषी ने की थी भविष्यवाणी
कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब बिलॉंगिंग अ जर्नी ऑफ लव में कई खुलासे किए हैं. उन्होंने एक किस्सा शेयर किया है जिसमें पामिस्ट(हस्तरेखा विशेषज्ञ) ने एक भविष्यवाणी की थी. हालांकि उस समय सोनिया गांधी ने उस पर विश्वास नहीं किया था.
1970 के दशक के आखिर में गांधी परिवार के दिल्ली वाले घर में एक पामिस्ट घुस गया था. उसने भविष्यवाणी की थी कि सोनिया के पति राजीव गांधी एक दिन प्रधानमंत्री बनेंगे न कि उनके छोटे भाई संजय गांधी.ये घटना विलिंगडन क्रेसेंट के बंगला नंबर 12 में हुई थी.
राजीव की राजनीति में नहीं थी दिलचस्पी
राजीव गांधी उस समय कमर्शियल पायलट थे और उनकी राजनीति में कोई दिलचस्पी नहीं थी. वहीं संजय गांधी को उनकी मां राजनीतिक वारिस बनाना चाहती थीं.
सोनिया गांधी ने याद किया किस्सा
सोनिया गांधी ने उस किस्से को याद किया जब एक सफेद कपड़े पहना मोटा आदमी उनके घर में घुस आया था. उन्होंने बताया एक दिन सफेद कपड़े पहने एक मोटा आदमी जबरदस्ती हमारे घर में घुस आया और मुझे बुलाने लगा. उसने हाथ की छाप वाला कागज दिखाया. मैंने उन्हें कहा कि मुझे ज्योतिष में विश्वास नहीं है. मैंने उन्हें बहुत ही प्यार से वहां से जाने के लिए कहा. मेरे पास समय नहीं था. मुझे काम करना था. मुझे अपना अतीत पता था और भविष्य जानने में कोई दिलचस्पी नहीं थी.
राजीव जी एक दिन प्रधानमंत्री बनेंगे
जब वो वहां से नहीं जा रहे थे तो उन्हें भागने के लिए मैं गुस्से में झपटी. वो आदमी वहां से भागा और चिल्लाया. नहीं, नहीं संजय नहीं. आपके पति राजीव जी एक दिन प्रधानमंत्री बनेंगे. ये सुनकर राजीव जोर-जोर से हंसने लगे. उनकी हथेली पर हस्तरेखा विशेषज्ञ की स्याही का निशान था. ज्योतिषी ने उन्हें रोक लिया था और उन्होंने यह सोचकर उनका मज़ाक उड़ाया कि यह एक बहुत अच्छा मज़ाक है.
सोनिया गांधी ने आगे लिखा, मैं इसके बाद अपने कमरे में भागी और शांत होने की कोशिश करने लगी लेकिन इसके बजाय मैं फूट-फूटकर रोने लगी.
