JNU की 11 छात्राओं से यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे सांसद को कांग्रेस ने दी बड़ी जिम्मेदारी, स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी से पूछे सवाल

JNU की 11 छात्राओं से यौन उत्पीड़न के आरोपों से घिरे सांसद को कांग्रेस ने दी बड़ी जिम्मेदारी, स्मृति ईरानी ने राहुल गांधी से पूछे सवाल

मणिपुर चुनाव के लिए तीन अहम समितियों में मिली जगह, स्मृति ईरानी बोलीं- कांग्रेस के लिए महिलाओं की गरिमा सिर्फ चुनावी नारा

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर राजनीतिक विवादों में घिर गई है। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) की 11 छात्राओं द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए जाने के बाद चर्चा में आए कांग्रेस सांसद और पूर्व प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजाम को पार्टी ने मणिपुर विधानसभा चुनाव की तैयारियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। इस फैसले पर भाजपा की वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है।

दरअसल, कांग्रेस ने बुधवार को मणिपुर विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने संगठनात्मक ढांचे में बदलाव करते हुए सांसद बिमोल अकोइजाम को प्रदेश चुनाव समिति और चुनाव अभियान समिति का सदस्य बनाया है। इसके अलावा उन्हें घोषणा पत्र समिति का सह-अध्यक्ष भी नियुक्त किया गया है। छात्राओं से जुड़े यौन उत्पीड़न के आरोपों के बीच मिली इस जिम्मेदारी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस की महिला सम्मान संबंधी नीतियों पर सवाल उठाए हैं।

स्मृति ईरानी ने कांग्रेस के नारे पर उठाए सवाल

भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसके चर्चित नारे ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ और ‘स्मैश द पैट्रियार्की’ का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की बात तो करती है, लेकिन जब अपने ही सांसद पर गंभीर आरोप लगते हैं तो उसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंप दी जाती हैं।

स्मृति ईरानी ने कहा कि जेएनयू की 11 छात्राओं ने कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजाम पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। इसके बावजूद कांग्रेस ने उन्हें मणिपुर प्रदेश चुनाव समिति में अहम जिम्मेदारी दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लिए महिलाओं की गरिमा और सम्मान महज चुनावी नारा बनकर रह गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, जेएनयू में पढ़ने वाली 11 छात्राओं ने मई 2026 में तत्कालीन प्रोफेसर बिमोल अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न और अनुचित व्यवहार की शिकायतें की थीं। शिकायतों के बाद विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने मामले की जांच की थी। इसके बाद 9 अक्टूबर को विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया था।

इस मामले में दिल्ली के वसंत कुंज नॉर्थ थाने में एफआईआर भी दर्ज की गई है। हालांकि, बिमोल अकोइजाम ने अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज किया है और इसे अपने खिलाफ साजिश बताया है।

बर्खास्तगी के फैसले को उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। 2 नवंबर को अदालत ने जेएनयू के बर्खास्तगी आदेश पर रोक लगा दी थी। मामले की अगली सुनवाई जनवरी में निर्धारित की गई है।

कांग्रेस की चुप्पी पर भी उठ रहे सवाल

मणिपुर विधानसभा चुनाव से पहले बिमोल अकोइजाम को तीन महत्वपूर्ण समितियों में जगह दिए जाने के बाद भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व को घेरना शुरू कर दिया है। भाजपा नेताओं का सवाल है कि महिलाओं के अधिकारों और सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस अपने सांसद पर लगे गंभीर आरोपों के बीच उन्हें इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कैसे दे सकती है।

फिलहाल कांग्रेस की ओर से स्मृति ईरानी के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। ऐसे में यह विवाद आने वाले दिनों में मणिपुर चुनाव के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भी तूल पकड़ सकता है।

Leave a Reply