Delhi Weather Forecast: दिल्‍ली में फिर टूटा सर्दी का रिकॉर्ड, छह सालों के दौरान इतनी ठंडी नहीं रही सुबह

Delhi Weather Forecast: दिल्‍ली में फिर टूटा सर्दी का रिकॉर्ड, छह सालों के दौरान इतनी ठंडी नहीं रही सुबह

नई दिल्ली । दिल्ली की सर्दी सही मायनों में अपनी रंगत दिखा रही है। अक्सर नया रिकॉर्ड बन रहा है, पुराना टूट रहा है। इसी कड़ी में अब बृहस्पतिवार (19 नवंबर) की सुबह इस सीजन की ही नहीं, छह सालों में सबसे ठंडी दर्ज की गई है। 2015 से अभी तक इतनी ठंडी सुबह नहीं रही। मौसम विज्ञानियों के अनुसार सप्ताह के अंत तक न्यूनतम और अधिकतम तापमान में और गिरावट आने के आसार हैं।

दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 

मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 9.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। 2015 से लेकर अभी तक 19 नवंबर की तारीख का यह सबसे कम न्यूनतम तापमान है। हवा में नमी का स्तर 42 से 93 फीसद रहा।

ठंड बढ़ने की मुख्य वजह आसमान साफ रहना

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि तापमान में लगातार गिरावट होने और ठंड बढ़ने की मुख्य वजह आसमान साफ रहना है। बादल बिल्कुल नहीं छा रहे हैं। ऐसी स्थिति में गर्मी हो या सर्दी दोनों तेजी से बढ़ते हैं। इसके अलावा हवा की रफ्तार 10 से 12 कि. मी. प्रति घंटा चल रही है। इससे भी ठंडक का एहसास हो रहा है।

शुक्रवार भी ऐसा ही रहेगा मौसम

वहीं स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि शुक्रवार को भी कमोबेश ऐसा ही मौसम बना रहेगा। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 25 और 9 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस सप्ताह के अंत तक अधिकतम तापमान 24 जबकि न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से. तक आ जाने की संभावना है।

2015 से लेकर 2020 के दौरान 19 नवंबर का तापमान (डिग्री सेल्सियस में)

सन अधिकतम न्यूनतम

2015  27.0 12.0

2016  28.0 10.0

2017  24.0 15.0

2018  29.0 15.0

2019  26.5 12.3

2020  25.6 9.4

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे