CM योगी आज देंगे स्कॉलरशिप का तोहफा, छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का करेंगे शुभारंभ

CM योगी आज देंगे स्कॉलरशिप का तोहफा, छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का करेंगे शुभारंभ

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार, 3 अक्टूबर को प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे लोक भवन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति वितरण के पहले चरण का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान 4.60 लाख से अधिक विद्यार्थियों के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि भेजी जाएगी।

इन विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

इस चरण में अलग-अलग वर्गों के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति का लाभ मिलेगा। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक पिछड़ा वर्ग के 2,23,615 विद्यार्थियों को 60.01 करोड़ रुपये, अनुसूचित जाति के 1,59,959 विद्यार्थियों को 64.54 करोड़ रुपये, सामान्य वर्ग के 38,084 विद्यार्थियों को 11.43 करोड़ रुपये और अल्पसंख्यक वर्ग के 38,901 विद्यार्थियों को 12.06 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

सीधे बैंक खातों में पहुंचेगी रकम

छात्रवृत्ति की राशि विद्यार्थियों के आधार से जुड़े बैंक खातों में भेजी जाएगी। कार्यक्रम का संबंधित विद्यालयों में भी प्रसारण किया जाएगा। जिलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों के सहयोग से विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

छात्रवृत्ति वितरण में ऑटोमेशन पर जोर

सरकार के अनुसार छात्रवृत्ति वितरण प्रणाली को ऑटोमेशन से जोड़ा गया है, ताकि पात्र विद्यार्थियों तक राशि समय पर और पारदर्शी तरीके से पहुंचाई जा सके। वहीं छात्रवृत्ति पोर्टल और भुगतान प्रक्रिया के तहत पात्र विद्यार्थियों के खातों में राशि भेजने का काम भी जारी है।

Leave a Reply