‘पराया धन कैसे अपना बनाना है, BJP से बेहतर कोई नहीं जानता’, विनोद तावड़े के PDA वाले बयान पर अखिलेश का पलटवार
औरैया/बिधूना: उत्तर प्रदेश की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े द्वारा सपा के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को ‘पराया धन अपना’ बताए जाने के बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पलटवार किया है।
बिधूना में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा, “पराया धन कैसे अपना बनाया जाता है, यह भाजपा से बेहतर कोई नहीं जानता। ये सभी पराये धन वाले लोग हैं, जो भाजपा में भरे पड़े हैं।” विनोद तावड़े पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “प्रभारी जी आए हैं, अच्छी बात है। ‘पी’ से प्रभारी भी होता है और ‘पी’ से ‘पगल’ भी होता है।”
‘पार्टी का धन भी अपना बनाना जानते हैं’
अखिलेश यादव ने कहा कि केवल पराया धन ही नहीं, बल्कि पार्टी का धन भी अपना बनाना भाजपा अच्छी तरह जानती है। उन्होंने दावा किया कि कई राजनीतिक दलों, जिनका संबंधित मामलों से कोई लेना-देना नहीं है, उनके खातों में करोड़ों रुपये पहुंचे हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी और उसके सहयोगी दलों का गठबंधन उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी वजह से भाजपा के लोग “अपना सामान समेटने और लूटने” में जुट गए हैं।
JPNIC को लेकर भी योगी सरकार पर निशाना
अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया, जयप्रकाश नारायण और मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का काम किया। इसके विपरीत, प्रदेश सरकार ने जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (JPNIC) को बेचने का काम किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा, “संत से बड़ा सच बोलने वाला कोई नहीं होता, लेकिन हमारे संत थोड़े अलग हैं, वह झूठ के अलावा कुछ नहीं बोलते।”
सहारनपुर मस्जिद मामले पर भी सरकार को घेरा
सपा प्रमुख ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद को गिराए जाने के मामले पर भी प्रदेश सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जब सरकार रोजगार नहीं दे पा रही और महंगाई पर रोक नहीं लगा पा रही, तो ऐसे मुद्दों के जरिए ध्यान भटकाने का काम किया जा रहा है।
अखिलेश ने सवाल उठाया कि यदि मस्जिद के पक्षकारों को उच्च न्यायालय या सुप्रीम कोर्ट जाने का मौका ही नहीं दिया जाएगा और कुछ ही घंटों में कार्रवाई कर दी जाएगी, तो न्याय कैसे मिलेगा?
उन्होंने कहा कि समाज तभी मजबूत होगा, जब लोग दूसरे धर्मों का सम्मान करेंगे। अखिलेश ने कहा, “एक सच्चा सनातनी और सच्चा हिंदू कभी दूसरे का अपमान नहीं कर सकता।”
‘राम और कृष्ण एक ही हैं’
अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा, “जो राम हैं, वही कृष्ण हैं और जो कृष्ण हैं, वही राम हैं।” उन्होंने राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि इस मामले में कानून का सहारा लेना पड़ रहा है।
‘भाजपा संविधान और कानून से नहीं चल रही’
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संविधान और कानून के मुताबिक काम नहीं कर रही है और पूरी तरह नाकाम हो चुकी है। उन्होंने भाजपा पर एआई के इस्तेमाल को लेकर भी निशाना साधा।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा “निम्नतम स्तर” पर पहुंचकर एआई का इस्तेमाल कर रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भाजपा ऐसा करती रही तो समाजवादी पार्टी भी एआई के माध्यम से उसका जवाब देगी।
