अखिलेश यादव का रोड शो भी नहीं दिखा पाया अपना जादू, सपा प्रत्याशी की जमानत जब्त

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश विधानसभा में भाजपा के बाद सबसे बड़ी पार्टी के रूप में विधानसभा चुनाव में उभरकर सामने आई समाजवादी पार्टी को भी सहारनपुर जिले में मतदाताओं ने नकार दिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सपा प्रत्याशी के समर्थन में रोड शो निकालने तथा जिले के तीनों सपा विधायकों द्वारा ऐड़ी से चोटी तक का जोर लगाने के बावजूद सपा प्रत्याशी नूर हसन मलिक अपनी जमानत भी नहीं बचा पाए।

गौरतलब है कि नगरीय निकाय सामान्य निर्वाचन में समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर नगर निगम के महापौर पद के जानेमाने अधिवक्ता चौ. जानिसार अहमद को अपना प्रत्याशी घोषित किया था परंतु नामांकन के आखिरी दिन सपा संस्थापक रहे पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खास सिपहसालार माने जाने वाले सहारनपुर देहात के विधायक आशु मलिक के भाई नूर हसन मलिक को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित करते हुए नामांकन दाखिल कराया गया था। सपा द्वारा नूर हसन मलिक को प्रत्याशी घोषित किए जाने के चलते सहारनपुर नगर निगम क्षेत्र में अपने सजातीय तेली बिरादरी के मतों का होना बताया गया था। सहारनपुर नगर निगम के चुनाव में सपा प्रत्याशी नूर हसन मलिक के समर्थन में एक ओर जहां समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रोड शो निकाला था।

वहीं समाजवादी पार्टी के देहात विधायक आशु मलिक, बेहट विधायक उमर अली खान तथा विधान परिषद सदस्य शाहनवाज खान, पूर्व राज्यमंत्री सरफराज खान, पूर्व मंत्री संजय गर्ग, पूर्व विधायक मसूद अख्तर, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, सपा प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन, पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप, रालोद जिलाध्यक्ष राव कैसर सलीम, प्रदेश महासचिव चौ. धीरसिंह, सपा जिलाध्यक्ष चौ. अब्दुल वाहिद के दिन रात अथक मेहनत करने के बावजूद सपा प्रत्याशी नूर हसन मलिक को मात्र 22 हजार 36 मतों से ही संतोष करना पड़ा।

इस कारण सपा प्रत्याशी नूर हसन मलिक अपनी जमानत मचाने में असफल रहे। समाजवादी पार्टी को तीतरों नगर पंचायत में सपा के पूर्व प्रदेश सचिव चौ. रूद्रसैन तथा गंगोह विधानसभा प्रभारी चौ. इंद्रसैन के प्रयासों से चेयरमैन पद पर तैमूर खान की जीत के रूप में सफलता हासिल हुई। जबकि छुटमलपुर नगर पंचायत के अलावा देवबंद नगर पालिका परिषद में सपा प्रत्याशी मुख्य मुकाबले में रहे। जबकि अन्य निकायों में सपा प्रत्याशियों को मतदाताओं द्वारा नकार दिया गया।

व्हाट्सएप पर समाचार प्राप्त करने के लिए यंहा टैप/क्लिक करे वीडियो समाचारों के लिए हमारा यूट्यूब चैनल सबस्क्राईब करे