एक्टर सुनील शेट्टी ने की चारधाम यात्रा तैयारियों की तारीफ, बोले- व्यवस्थाएं उम्मीद से बेहतर
उत्तराखंड में शुरू चारधाम यात्रा को लेकर जहां एक ओर कई तरह की चर्चाएं और आशंकाएं सामने आ रही हैं, वहीं बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने इन नकारात्मक धारणाओं को सिरे से खारिज किया है. अभिनेता सुनील शेट्टी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की है. ऋषिकेश पहुंचे अभिनेता ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यहां की व्यवस्थाएं उनकी उम्मीद से कहीं बेहतर हैं.
ऋषिकेश, जिसे चारधाम यात्रा का प्रवेश द्वार माना जाता है, इन दिनों देशभर से आने वाले हजारों श्रद्धालुओं से गुलजार है. बावजूद इसके, यहां यातायात और अन्य व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित तरीके से संचालित हो रही हैं. सुनील शेट्टी ने कहा कि आमतौर पर यह सुनने को मिलता है कि चारधाम यात्रा के दौरान भारी भीड़ और ट्रैफिक के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन उनका व्यक्तिगत अनुभव इससे बिल्कुल अलग रहा.
‘अव्यवस्था या अफरा-तफरी का नहीं दिखा माहौल’
उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद ऋषिकेश में कहीं भी अव्यवस्था या अफरा-तफरी का माहौल नहीं दिखा. सड़क यातायात नियंत्रित है और पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रहा है. अभिनेता ने विशेष रूप से उत्तराखंड पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी 24 घंटे मेहनत कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो.
‘प्रशासन हर पहलुओं पर गंभीरता से किया है काम’
भीषण गर्मी के बावजूद यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न होना प्रशासन की तैयारियों का प्रमाण है. सुनील शेट्टी ने कहा कि उन्होंने खुद मौके पर जाकर व्यवस्थाओं को देखा और महसूस किया कि प्रशासन ने हर पहलू पर गंभीरता से काम किया है. उन्होंने यह भी कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर जो नकारात्मक बातें फैलाई जा रही हैं, वे जमीनी हकीकत से मेल नहीं खातीं.
जल्द चारधाम यात्रा पर आएंगे सुनील शेट्टी
अभिनेता ने अपने अगले दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि वे जल्द ही चारधाम के दर्शन के लिए फिर उत्तराखंड आएंगे. उन्होंने श्रद्धालुओं से भी अपील की कि वे बिना किसी डर या भ्रम के यात्रा पर आएं, क्योंकि यहां की व्यवस्थाएं पूरी तरह से संतोषजनक हैं.
सुनील शेट्टी के इस बयान से साफ संकेत मिलता है कि चारधाम यात्रा को लेकर प्रशासन ने व्यापक और प्रभावी तैयारियां की हैं. उनके सकारात्मक अनुभव से न केवल यात्रियों का भरोसा बढ़ेगा, बल्कि पर्यटन और धार्मिक यात्रा को लेकर फैली गलत धारणाओं पर भी विराम लगेगा.
