भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित

भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित

सेवा ज्योति यात्रा में गूंजा ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ का संदेश, तिरंगा लेकर शामिल हुए कार्यकर्ता

सहारनपुर। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को सहारनपुर में सेवा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। महाराज सिंह फील्ड से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई, जबकि ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ अभियान के तहत महानगर सहित बलियाखेड़ी, पुवारका और रेलवे स्टेशन पर रंगोली कार्यक्रम आयोजित हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन के लाइव प्रसारण से हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा बताते हुए जनसेवा को राष्ट्रसेवा से जोड़ने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि भाजपा के निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसोदिया ने कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल आधार सत्ता नहीं, बल्कि सेवा और राष्ट्रहित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

इसके बाद महाराज सिंह फील्ड से ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लेकर कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जनसेवा से राष्ट्रसेवा’ के नारे लगाए।

इस अवसर पर नगर विधायक राजीव कुमार गुंबर, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, जिलाध्यक्ष अजीत राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, विधायक कीरत सिंह, देवेंद्र निम, मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक नरेश सैनी, महिपाल माजरा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Reply