भारत अद्भुत संस्कृति वाला अद्भुत देश: जसवंत सैनी

भारत अद्भुत संस्कृति वाला अद्भुत देश: जसवंत सैनी

मेला गुघाल के सांस्कृतिक मंच पर ‘अतुल्य भारत’ कार्यक्रम में दिखी देश के विभिन्न राज्यों की संस्कृति

सहारनपुर। मेला गुघाल के सांस्कृतिक मंच पर आयोजित ‘अतुल्य भारत’ कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के नृत्य, गीत-संगीत और संस्कृति की मनमोहक झलक देखने को मिली। पंजाब के भांगड़ा, गुजरात के गरबा, महाराष्ट्र की लावणी और राजस्थान के लोकनृत्यों ने ऐसा समां बांधा कि दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

नगर निगम की ओर से मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में आयोजित ‘अतुल्य भारत’ कार्यक्रम का शुभारंभ संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी, महापौर डॉ. अजय कुमार, नगरायुक्त शिपू गिरि, उपसभापति मयंक गर्ग, भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह राणा, पूर्व जिलाध्यक्ष मानवीर सिंह पुंडीर, समाजसेविका रीटा सिंह, मेला संयोजक संजय सैनी, पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़, मेला आयोजन समिति के अध्यक्ष दिग्विजय चौहान समेत अन्य अतिथियों ने मां शारदा के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं रिबन काटकर किया।

ओम डांस एकेडमी की संचालक एवं कोरियोग्राफर शिवानी सिंघल के निर्देशन में गणेश वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इसके बाद शिव तांडव और रामायण पर आधारित ‘सीताहरण से लेकर रावण वध तक’ की प्रस्तुति ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। इसके बाद विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि भारत केवल एक स्थान का वाचक नहीं, बल्कि अद्भुत संस्कृति वाला अद्भुत देश है। यहां विभिन्न भाषाओं, ऋतुओं और संस्कृतियों का अनूठा संगम देखने को मिलता है। भारत में जो आध्यात्मिक चिंतन, वैदिक चिंतन और रिश्तों की मर्यादा देखने को मिलती है, वह दुनिया में कहीं और नहीं मिलती।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि नृत्य और संगीत केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि तप का विषय रहे हैं। जिसमें अपनी भावनाओं को अभिव्यक्त करने की क्षमता है, वही संगीत है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह राणा और नकुड़ पालिकाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता ने भी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयोजन की सराहना की और संयोजक ज्योति अग्रवाल को बधाई दी।

इससे पूर्व कार्यक्रम संयोजक ज्योति अग्रवाल ने नकुड़ पालिकाध्यक्ष शिवकुमार गुप्ता, भाजपा नेता यशवंत राणा, अजब सिंह, हेमंत अरोड़ा, रश्मि टेरेंस, अल्पना तलवार, नेहा राणा, नीरज माहेश्वरी, शीतल टंडन, अर्चना कश्यप, सुषमा बजाज, पूनम यादव और परम बत्रा आदि को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. वीरेंद्र आजम और राकेश शर्मा ने किया।

Leave a Reply