पापों का नाश करने के लिए प्रभु लेते हैं अवतार: राधिका दीदी

पापों का नाश करने के लिए प्रभु लेते हैं अवतार: राधिका दीदी

श्रीमद्भागवत कथा में भगवान श्रीकृष्ण के प्राकट्य का किया वर्णन, श्रद्धालुओं ने सुना भक्ति संदेश

सहारनपुर। महाशक्ति पीठ वैष्णवी महाकाली मंदिर में आयोजित श्रीमद्भागवत महापुराण कथा में दीदी राधिका श्रीजी ने कहा कि जब पृथ्वी पर पाप और अत्याचार बढ़ जाता है, तब भगवान धर्म की स्थापना और पापों के नाश के लिए अवतार लेते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान की भक्ति, तप और जप को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

राधा विहार स्थित मंदिर में श्री रामकृष्ण विवेकानंद संस्थान के तत्वावधान में आयोजित कथा में मुख्य यजमान कुलदीप भारद्वाज, रामचरण कश्यप और अनिल चौहान ने श्रीमद्भागवत महापुराण का पूजन किया तथा दीदी राधिका श्रीजी का तिलक कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कथा के दौरान दीदी राधिका श्रीजी ने भगवान श्रीहरि के अवतार का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि जब पृथ्वी पर पाप बढ़ जाता है और अधर्म का प्रभाव बढ़ने लगता है, तब भगवान अवतार लेकर धर्म की पुनर्स्थापना करते हैं। उन्होंने कहा कि जब कंस और अन्य पापियों के अत्याचार बढ़ गए और चारों ओर अधर्म का बोलबाला हो गया, तब भगवान श्रीहरि ने देवकी के गर्भ से कारागार में प्रकट होकर धर्म की रक्षा का मार्ग प्रशस्त किया।

उन्होंने कहा कि भगवान के प्राकट्य के साथ ही कारागार के सभी द्वारों के ताले टूट गए और द्वारपाल सो गए। यह इस बात का प्रतीक है कि जब जीवन में परमात्मा का प्राकट्य होता है तो अज्ञान और माया के बंधन स्वतः समाप्त होने लगते हैं।

दीदी राधिका श्रीजी ने कहा कि संसार की प्रत्येक समस्या का वास्तविक समाधान परमात्मा की शरण में है। प्रत्येक जीव को तप, जप और भक्ति के माध्यम से अपने जीवन में भगवान को प्रकट करने का प्रयास करना चाहिए। भगवान की भक्ति से जीवन के संकटों और समस्याओं का अंत संभव है।

इस अवसर पर रमेश शर्मा, अश्विनी कांबोज, अनिल चौहान, संजय राणा, मांगेराम त्यागी, ज्ञानचंद दीवान, रामशरण कश्यप, नरेश चंदेल, नितिन कश्यप, प्रज्ञा भारद्वाज, प्रभा चौहान, विभा सिंह, बबीता गुप्ता, अनीता गुप्ता, मधु रानी सिंघल, राजबाला, अलबेला, अनीता चौहान, किरण बजाज, बबली वाधवा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Leave a Reply