पदक विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत
श्रीनगर और गोरखपुर में आयोजित प्रतियोगिताओं में सहारनपुर के खिलाड़ियों ने जीते आठ पदक
सहारनपुर। श्रीनगर में आयोजित 48वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता और गोरखपुर में आयोजित 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय (बालिका) ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सहारनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए। प्रतियोगिताओं से पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों का खेलप्रेमियों ने माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया।
जिला ताइक्वांडो एसोसिएशन सहारनपुर के सचिव अभिषेक चौधरी ने बताया कि श्रीनगर में 2 से 4 अक्टूबर तक आयोजित 48वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सहारनपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रैन ने अपने वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया। वहीं गाव्या बिंद्रा, विशाखा और अक्षित चौधरी ने कांस्य पदक जीते। कृष्णा ने भी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।
इसी तरह गोरखपुर में 3 से 4 अक्टूबर तक आयोजित 70वीं प्रदेशीय माध्यमिक विद्यालय (बालिका) ताइक्वांडो प्रतियोगिता में सहारनपुर मंडल की टीम की ओर से प्रतिभाग करते हुए खिलाड़ियों ने तीन कांस्य पदक जीते। अंडर-68 किलोग्राम भार वर्ग में वैष्णवी, 68 किलोग्राम भार वर्ग में वंशिका तथा अंडर-59 किलोग्राम भार वर्ग में विधु चौधरी ने कांस्य पदक हासिल कर जिले का गौरव बढ़ाया।
पदक जीतकर लौटे खिलाड़ियों को भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत राणा और क्रीड़ा अधिकारी राहुल चोपड़ा ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत और सफलता जिले के अन्य युवाओं को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर ताइक्वांडो कोच अभिषेक चौधरी, प्रियंका चौहान, अंशिका, शोभा बिंद्रा, मयंक बिंद्रा, अमित मास्टर, पूजा, आदेश, गौरव सहित अन्य खेलप्रेमियों ने पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी।
