सीएम योगी आज HCLTech के कार्यक्रम में होंगे शामिल, लखनऊ IT सिटी में मनाया जाएगा 10 साल का सफर

सीएम योगी आज HCLTech के कार्यक्रम में होंगे शामिल, लखनऊ IT सिटी में मनाया जाएगा 10 साल का सफर

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को लखनऊ स्थित HCL IT सिटी में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम HCLTech के लखनऊ में संचालन के 10 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की थीम ‘पावरिंग टेक्नोलॉजी, टैलेंट एंड ट्रांसफॉर्मेशन इन उत्तर प्रदेश’ रखी गई है।

कार्यक्रम के दौरान HCLTech के लखनऊ में 10 वर्षों के सफर के साथ-साथ उत्तर प्रदेश में IT और टेक्नोलॉजी सेक्टर के विस्तार, रोजगार सृजन और भविष्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में प्रदेश में तकनीकी क्षेत्र को और मजबूत करने की दिशा में चल रहे प्रयासों पर भी बात होगी।

रोशनी नादर मल्होत्रा और राहुल सिंह करेंगे संबोधित

समारोह में HCLTech की चेयरपर्सन रोशनी नादर मल्होत्रा और COO राहुल सिंह भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश में तकनीकी प्रतिभाओं को बढ़ावा देने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने और प्रदेश को IT क्षेत्र का प्रमुख केंद्र बनाने से जुड़े विषयों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

20 जिलों के 3 हजार गांवों में पहुंची पहल

HCLTech के साथ HCL Foundation ने भी उत्तर प्रदेश में सामाजिक क्षेत्र में अपनी भागीदारी बढ़ाई है। फाउंडेशन की विभिन्न पहलों के जरिए प्रदेश के 20 जिलों के करीब 3,000 गांवों में आजीविका, कृषि, कौशल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समावेशन से जुड़े कार्यक्रम संचालित किए गए हैं।

इन पहलों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की आजीविका के अवसर बढ़ाने के साथ युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के लिए तैयार करना भी है।

100 एकड़ में फैला है HCL का अत्याधुनिक परिसर

लखनऊ में HCL का परिसर करीब 100 एकड़ में फैला हुआ है। यह आधुनिक तकनीक और पर्यावरण अनुकूल सुविधाओं से लैस है। करीब 16 लाख वर्ग फुट में विकसित इस कैंपस में आधुनिक कार्यालयों के साथ स्किल डेवलपमेंट सेंटर और कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं भी मौजूद हैं।

कैंपस में सिक्योरिटी के अलावा मनोरंजन, जिम और स्पोर्ट्स जोन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। इस वजह से यह परिसर लखनऊ में तेजी से विकसित हो रहे प्रमुख IT हब के तौर पर पहचान बना चुका है।

युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार प्रदेश में आधुनिक तकनीक, शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दे रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि उत्तर प्रदेश में बड़े तकनीकी और औद्योगिक संस्थानों का विस्तार हो, जिससे युवाओं को प्रदेश में ही बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।

HCLTech की लखनऊ में मौजूदगी इसी दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यहां उत्तर प्रदेश के स्थानीय युवाओं के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों से आए लोग भी काम कर रहे हैं। ऐसे में HCLTech का विस्तार प्रदेश के IT सेक्टर और रोजगार के लिहाज से अहम भूमिका निभा रहा है।

 

Leave a Reply