यूपी में मौसम ने लिया यू-टर्न, आज 33 जिलों में बारिश का अलर्ट; लखनऊ समेत इन जिलों में बरसेंगे बादल
उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। बीते 24 घंटे में पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर को राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। बारिश के चलते लोगों को उमस भरी गर्मी और तेज धूप से राहत मिलने की उम्मीद है।
यूपी के कई हिस्सों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी यूपी और पूर्वांचल के कई संभागों में आज कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की बौछारें पड़ सकती हैं। इसके साथ ही कुछ स्थानों पर मेघ गर्जन और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। बारिश के कारण प्रदेश के तापमान में गिरावट आने की संभावना है।
हालांकि नोएडा, गाजियाबाद, आगरा समेत कई जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने और धूप निकलने का अनुमान है।
मौसम ने क्यों बदला रुख?
बिहार और आसपास के क्षेत्रों में बने हवा के चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से यूपी के कुछ हिस्सों में बारिश का दौर फिर शुरू हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश जारी रह सकती है।
7 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है, जबकि पूर्वांचल के कुछ जिलों में मौसम शुष्क रह सकता है।
आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने सहारनपुर और बिजनौर में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। वहीं शामली, मुजफ्फरनगर, मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, रामपुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच और श्रावस्ती में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन इलाकों में मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा बागपत, एटा, मैनपुरी, लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, मीरजापुर, चंदौली और सोनभद्र में भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
बारिश के कारण इन जिलों में तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने की संभावना है। वहीं प्रदेश के बाकी हिस्सों में आज मौसम सामान्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
