‘लड़ाई अभी जारी है…’, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद बोले अजय राय

‘लड़ाई अभी जारी है…’, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाए जाने के बाद बोले अजय राय
कांग्रेस नेता अजय राय

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने शुक्रवार, 2 अक्टूबर को विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया। उनके अध्यक्ष बनने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर उन्हें और अन्य नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

अजय राय ने अपनी पोस्ट में कहा कि उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने के लिए वह राहुल गांधी और कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के जीवनभर आभारी रहेंगे। उन्होंने लिखा, “लड़ाई अभी जारी है। नए प्रदेश अध्यक्ष सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे! हर-हर महादेव!”

इमरान मसूद बने कार्यकारी अध्यक्ष

कांग्रेस के संगठनात्मक बदलाव में लोकसभा सांसद इमरान मसूद को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा चौधरी वीरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया गया है।

प्रमोद तिवारी की बेटी हैं आराधना मिश्रा

आराधना मिश्रा मोना वरिष्ठ कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी हैं। वह उत्तर प्रदेश की रामपुर खास विधानसभा सीट से विधायक हैं। प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के बाद उन्होंने कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वह इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा, समर्पण और ईमानदारी के साथ निभाएंगी।

2027 के चुनाव और गठबंधन पर क्या बोलीं मोना?

आराधना मिश्रा ने 2027 के विधानसभा चुनाव और गठबंधन को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चुनाव सामने है और गठबंधन धर्म भी निभाना है। उन्होंने भरोसा जताया कि वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन और पार्टी के कार्यकर्ताओं, नौजवानों तथा युवाओं को साथ लेकर कांग्रेस इस चुनौती का सामना करेगी।

Leave a Reply