गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव को लेकर अखिलेश का तंज, AI वीडियो शेयर कर साधा निशाना
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बीजेपी और योगी सरकार पर तंज कसा है. अपने पार्टी के सोशल मीडिया हैंडल का AI वीडियो शेयर करते हुए सरकार में मतस्य विभाग में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद की नाराजगी को जोड़ा है.
अखिलेश यादव ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, ” भाजपाई अभी मच्छी मार रहे हैं, उप्र चुनाव के बाद मक्खी मारेंगे. अब इनकी सरकार में एक झगड़ा और शुरू हो जाएगा, पहले से नाराज चल रहे मत्स्य मंत्री जी कहेंगे ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ को हमारे मंत्रालय को सौंप दिया जाए. मछली शहर वाले इस पर अपना दावा अलग ठोकेंगे.”
गंगा एक्सप्रेसवे पर भर गया था पानी
यहां बता दें कि उन्नाव में गंगा एक्सप्रेसवे पर सोनिक और बशीरतगंज टोल प्लाजा जे पास सर्विस रोड और टोल के पास भारी जलभराव हो गया था. जिसके बाद वहां लोग मछली पकड़ते दिखे थे. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था. एक्सप्रेसवे पर पानी भरने के बाद विपक्ष ने सरकार पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
गंगा एक्सप्रेसवे 36 हजार करोड़ की लागत से बनाया गया है,जिसका उद्घाटन 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था. यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर बना है. लेकिन अब इसकी गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं.
AI वीडियो के जरिए निशाना
अखिलेश यादव ने AI वीडियो के जरिए बीजेपी सरकार पर निशाना साधा है, उन्होंने बीजेपी पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है. जिसे उन्होंने वीडियो के द्वारा व्यंग्य में दर्शाया है.अखिलेश यादव लगातार योगी सरकार को घेर रहे हैं. इससे पहले लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे में उद्घाटन के बाद ही धंसने की खबरों के बाद भी बीजेपी पर आरोप लगाए थे.
यहां बता दें कि बीते कुछ समय से बीजेपी और सपा एक दूसरे पर AI वीडियो से हमला करना जारी रखे हुए हैं और दोनों की सोशल मीडिया टीम AI के जरिए एक-दूसरे घेर रहे हैं.
