गहलोत का BJP पर निशाना, ‘राजस्थान निकाय चुनाव में हुई वोटों की लूट’
राजस्थान में निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में बीजेपी ने वोटों की लूट की है. चुने हुए पार्षदों को डराया धमकाया गया है. पुलिस का दुरुपयोग किया गया है. उन्होंने आशंका जताई कि पंचायत चुनाव में भी बीजेपी गड़बड़ी करने की कोशिश कर सकती है.
उन्होंने आगे कहा, ”नितिन नवीन को यह पता है कि राजस्थान में उनकी पार्टी कांग्रेस से किस तरह मामूली वोटों से ही आगे हो सकी है. राजधानी जयपुर में कांग्रेस को बीजेपी से ज्यादा वोट मिले हैं.” पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने फिर दोहराया है कि राजस्थान में पश्चिम बंगाल की तरह हुई वोटों की लूट के खिलाफ सभी को मिलकर राजस्थान बंद का आह्वान करना चाहिए. ऐसा करने से पूरे देश में एक मैसेज जाएगा.
‘निकाय की तरह पंचायत चुनाव में भी BJP बेईमानी की कोशिश करेगी’
पूर्व मुख्यमंत्री ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन को लेकर पूछे गए सवालों पर नाराजगी जताई. उन्होंने कहा, ”मेरे लिए नितिन नवीन कोई मायने नहीं रखते हैं. बीजेपी नगर निकाय चुनाव की तरह ही पंचायत चुनाव में भी बेईमानी और गड़बड़ी की कोशिश करेगी लेकिन ग्रामीण जनता बेहद समझदार है. हम उम्मीद करते हैं कि ग्रामीण वोटर बीजेपी की मनमानी को रोकने का काम करेंगे.”
CEC ज्ञानेश कुमार को कुर्सी छोड़ देनी चाहिए- अशोक गहलोत
अशोक गहलोत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर छिड़े विवाद पर कहा कि उन्हें अब कुर्सी पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं रह गया है. उन्होंने कहा, ”सीईसी ज्ञानेश कुमार को कुर्सी छोड़ देनी चाहिए. जो जानकारी सामने आई है उससे लोकतंत्र कमजोर हुआ है. लोकतंत्र को बचाने के लिए ज्ञानेश कुमार का हटना बेहद जरूरी है.” पूर्व सीएम गहलोत ने निर्वाचन आयोग के कई फैसलों पर दो आयुक्तों द्वारा लिखित आपत्ति दर्ज कराए जाने की खबर सामने आने के बाद यह मांग की.
