मिशन 2027 के लिए नितिन नवीन का बड़ा प्लान, मेरठ से शुरू होगा दौरा

मिशन 2027 के लिए नितिन नवीन का बड़ा प्लान, मेरठ से शुरू होगा दौरा

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 21 और 22 सितंबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे. वह 21 सितंबर को मेरठ और 22 सितंबर को सहारनपुर पहुंचेंगे. इस दौरान सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठन की तैयारियों की समीक्षा करेंगे.

नितिन नवीन 21 सितंबर को मेरठ पहुंचेंगे. यहां पश्चिमी यूपी के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक प्रस्तावित है. इसके अलावा क्षेत्रीय पदाधिकारियों से भी संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों पर चर्चा होगी. पार्टी के मुताबिक, जमीनी स्तर पर संगठन को सक्रिय करने और चुनावी गतिविधियों की समीक्षा पर जोर रहेगा.

पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद

मेरठ दौरे के दौरान नितिन नवीन पश्चिमी क्षेत्र के करीब पांच हजार शक्ति केंद्र संयोजकों से संवाद करेंगे. बूथ और शक्ति केंद्र स्तर की तैयारियों की जानकारी ली जाएगी. राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे से पहले प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने मेरठ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की है.

सहारनपुर में मां शाकुंभरी देवी के दर्शन

नितिन नवीन 22 सितंबर को सहारनपुर पहुंचेंगे. यहां वह मां शाकुंभरी देवी के दर्शन करेंगे. इसके बाद पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और पूर्व पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे. सहारनपुर क्षेत्र में भी पार्टी ने दौरे को लेकर तैयारियां तेज की हैं.

अयोध्या में विनोद तावड़े की संगठन समीक्षा

बीजेपी के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े भी उत्तर प्रदेश में संगठनात्मक बैठकों का सिलसिला जारी रखे हुए हैं. गोरखपुर दौरे के बाद अयोध्या में संगठन और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक का कार्यक्रम है. इसके बाद काशी और प्रयागराज क्षेत्र में भी संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.

Leave a Reply