UCC पर असीम वकार का अमित शाह पर हमला, बोले- ‘गृह मंत्री अकेले लागू नहीं कर सकते समान नागरिक संहिता’
कांग्रेस प्रवक्ता असीम वकार ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि देश का कोई भी गृह मंत्री अकेले पूरे भारत में UCC लागू नहीं कर सकता। वकार के मुताबिक, भारत की विविधता को देखते हुए संविधान में अलग-अलग क्षेत्रों, जातियों और जनजातीय समुदायों की परंपराओं को विशेष संरक्षण दिया गया है।
असीम वकार ने आरोप लगाया कि अमित शाह UCC के मुद्दे पर देश को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में अलग-अलग समुदायों और क्षेत्रों की अपनी सामाजिक परंपराएं और व्यवस्थाएं हैं, जिन्हें संविधान का संरक्षण प्राप्त है। ऐसे में UCC लागू करने के सवाल को केवल राजनीतिक बयानबाजी के नजरिए से नहीं देखा जा सकता।
अनुच्छेद 371A और 371G का दिया हवाला
कांग्रेस प्रवक्ता ने संविधान के अनुच्छेद 371A और 371G का हवाला देते हुए कहा कि पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में स्थानीय परंपराओं और सामाजिक व्यवस्थाओं को विशेष संवैधानिक संरक्षण मिला हुआ है। उन्होंने दावा किया कि नागालैंड और मिजोरम से जुड़े कुछ मामलों में संसद के कानूनों के लागू होने के लिए संबंधित राज्य की विधानसभा की सहमति जरूरी होती है।
गोवा के कानून का भी किया जिक्र
असीम वकार ने UCC को लेकर गोवा का उदाहरण भी दिया। उन्होंने कहा कि गोवा में पुर्तगाली सिविल कोड से जुड़ी व्यवस्था अब भी लागू है। इसी आधार पर उन्होंने पूरे देश में एक समान नागरिक कानून लागू करने की व्यवहारिकता पर सवाल उठाया।
अमित शाह पर साधा निशाना
असीम वकार ने अमित शाह पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें मुसलमानों को लेकर राजनीति करने के बजाय हिंदू बच्चों और हिंदू धर्म के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने इसे अपनी राजनीतिक प्रतिक्रिया बताया।
UCC लंबे समय से भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बहस का प्रमुख मुद्दा रहा है। भाजपा जहां समान नागरिक संहिता को समानता और एकरूपता से जोड़ती रही है, वहीं कांग्रेस समेत विपक्षी दल इसके संवैधानिक, सामाजिक और व्यावहारिक पहलुओं को लेकर सवाल उठाते रहे हैं।
