UCC पर इमरान मसूद का BJP पर तीखा हमला, बोले- ‘25 करोड़ मुसलमानों को देश से बाहर नहीं निकाल सकते’
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 2029 से पहले 21 राज्यों में NDA सरकारों द्वारा समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किए जाने के दावे के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे पर सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में हिंदू-मुसलमान के नाम पर नफरत की राजनीति अब नहीं चलेगी।
इमरान मसूद ने कहा, “अब हिंदू-मुसलमान वाली नफरत नहीं चलेगी। आपका एजेंडा अब खत्म हो चुका है। आप इसे जितना फैलाना चाहते थे, उतना फैला चुके हैं। आप यहां से 25 करोड़ मुसलमानों को बाहर नहीं निकाल सकते।”
कांग्रेस सांसद ने यह प्रतिक्रिया देश में UCC लागू किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में दी।
‘विविधताओं वाले देश में एक सोच नहीं थोपी जा सकती’
इमरान मसूद ने बीजेपी पर विभाजन और नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी राजनीति ज्यादा समय तक नहीं चलने वाली। उन्होंने सवाल किया कि इस तरह की नीतियों से सरकार आखिर हासिल क्या करना चाहती है।
उन्होंने कहा कि भारत अलग-अलग धर्मों, समुदायों, खान-पान, पहनावे, परंपराओं और रीति-रिवाजों वाला देश है। ऐसे में किसी एक सोच को पूरे देश पर थोपना उचित नहीं है।
सांसद ने यह सवाल भी उठाया कि यदि UCC को पूरे देश में लागू किया जाता है तो आदिवासी समुदायों की पारंपरिक व्यवस्थाओं और रीति-रिवाजों पर इसका क्या असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता को ध्यान में रखे बिना कोई व्यवस्था सभी पर लागू नहीं की जा सकती।
उत्तराखंड और गोवा में लागू है UCC
गौरतलब है कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू हो चुकी है, जबकि गोवा में पुर्तगाली शासन के समय से ही कुछ समान नागरिक कानून लागू हैं। अब देश के अन्य राज्यों में भी UCC लागू करने को लेकर चर्चा तेज है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हालिया बयान के बाद उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस और तेज होने के आसार हैं। सत्ता पक्ष जहां इसे समान कानून और समान अधिकार की दिशा में कदम बता रहा है, वहीं विपक्ष इसके प्रावधानों और संभावित प्रभावों को लेकर सवाल उठा रहा है।
